क्रिकेट

न्यूजीलैंड ने भारत सीरीज के लिए 16 सदस्यीय T20I टीम का किया ऐलान, सैंटनर करेंगे कप्तानी

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) की वेबसाइट के अनुसार, व्हाइट-बॉल कप्तान मिचेल सैंटनर पांच मैचों की इस T20I सीरीज के लिए टीम की कप्तानी करेंगे। यह सीरीज 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में शुरू होगी और 11 दिनों तक चार शहरों में खेली जाएगी।

Image

न्यूजीलैंड ने टीम का किया ऐलान।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। घरेलू समर सीजन की पहली 'ब्लैककैप्स' (न्यूजीलैंड टीम) टीम में सात तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज बेन सियर्स को टीम में शामिल नहीं किया गया क्योंकि वे टखने की चोट से उबर रहे हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) की वेबसाइट के अनुसार, व्हाइट-बॉल कप्तान मिचेल सैंटनर पांच मैचों की इस T20I सीरीज के लिए टीम की कप्तानी करेंगे। यह सीरीज 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में शुरू होगी और 11 दिनों तक चार शहरों में खेली जाएगी।

76000 से ज्यादा टिकट बिके

यह T20I सीरीज भारत के न्यूजीलैंड दौरे का हिस्सा है, जिसमें पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी शामिल हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के अनुसार, पहले मैच से एक महीने पहले ही इस दौरे के लिए 76,000 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं।

इस साल की शुरुआत में ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में भारत से हारकर उपविजेता रही न्यूजीलैंड टीम के 13 खिलाड़ियों को इस टीम में शामिल किया गया है। चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर रहने वाले स्पिन ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल और तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की टीम में वापसी हुई है।

एक साल बाद मिल्ने की वापसी

34 वर्षीय मिल्ने एक साल से भी ज्यादा समय बाद 'ब्लैककैप्स' के लिए नेशनल टीम में वापसी कर रहे हैं। वह लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी जैसे अनुभवी तेज गेंदबाजों के साथ-साथ युवा तेज गेंदबाज जैक फॉल्क्स और नाथन स्मिथ के साथ तेज गेंदबाजी यूनिट में शामिल होंगे।

पिछले हफ्ते एक प्रमोशनल शूट के दौरान दाहिने कंधे के खिसकने (डिसलोकेट होने) के कारण बैटिंग ऑलराउंडर रचिन रवींद्र T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके ठीक होने में लगभग छह सप्ताह लगने की उम्मीद है और वह 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में शुरू होने वाली भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी करने का लक्ष्य बना रहे हैं।

टिम सीफर्ट और एलन करेंगे ओपनिंग

T20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद, जबरदस्त ओपनर टिम सीफर्ट और फिन एलन एक बार फिर ओपनिंग जोड़ी के तौर पर साथ आए हैं। एलन ने ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 33 गेंदों पर नाबाद तूफानी शतक लगाया था, जबकि सीफर्ट ने 33 गेंदों पर 58 रन बनाए थे, जिससे न्यूजीलैंड ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी। वहीं, सीफर्ट को 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था। उन्होंने 168 के स्ट्राइक रेट से 394 रन बनाए थे, जिसमें फाइनल में 38 गेंदों पर मैच जिताने वाले 72 रन भी शामिल थे।

भारत सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की T20I टीम:-

मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फोल्क्स, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article