नेपाल ने कुआलालंपुर में खेले गए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप के फाइनल में संयुक्त अरब अमीरात को हराकर एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया। नेपाल ने यह मुकाबला 44 रन से अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल ने 9 विकेट के नुकसान पर 313 रन बनाए और बाद में यूएई को 49.1 ओवर में 269 रन पर रोक दिया। नेपाल की ओर से आसिफ शेख ने 106 गेंदों में सर्वाधिक 102 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और चार छक्के जड़े। एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह उनका दूसरा शतक था। शेख ने अर्जुन कुमाल के साथ मिलकर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। कुमाल 63 गेंदों पर 43 रन बनाकर रन आउट हुए।
इसके बाद शेख ने कप्तान रोहित पौडेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। पौडेल ने 44 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। उन्होंने गुलशन झा के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। झा ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 38 गेंदों में 52 रन की उपयोगी पारी खेली। इन खिलाड़ियों के दम पर नेपाल ने 313 रन का स्कोर खड़ा किया जो वनडे में उनका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी था।
जवाब में, यूएई की ओर से बल्लेबाज राहुल चोपड़ा ने लड़ाई लड़ी। उन्होंने शतक जड़ा लेकिन वह अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा पाए। राहुल 105 गेंद में 100 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा तनिस सूरी ने 42 और कप्तान हरप्रीत भाटिया ने 33 रन बनाए। नेपाल की ओर से करण केसी ने तीन विकेट लिए, जबकि ललित राजबंशी ने दो विकेट हासिल किए। संदीप लामिछाने, रोहित पौडेल, गुलसन झा, बशीर अहमद और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने एक-एक विकेट लिया।
एशियाई क्रिकेट परिषद द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के विजेता को 2027 एशिया कप में क्वालीफिकेशन मिलना था और नेपाल ने यूएई को हराकर क्वालीफाई कर लिया। 2023 में नेपाल ने पहली बार एशिया कप के लिए क्वालीफाई किया।
