ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश की टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज नाहिद राणा चोट के कारण पूरे सीरीज से बाहर हो गए हैं। 23 साल के गेंदबाज को करीब 7-8 हफ्तों के लिए मैदान से दूर रहने की सलाह दी गई है। राणा का इस सीरीज में ना खेल पाना बांग्लादेश की टीम के लिए बड़ा झटका है। वह इश साल के सबसे सफल गेंदबाज हैं जो 18.31 की औसत से 44 विकेट चटका चुके हैं।
इसके अलावा शोरिफुल इस्लाम और विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास पहले टेस्ट मैच से बाहर हो चुके हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अनुसार, शोरिफुल को इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई थी। 29 जुलाई से वो दोबारा गेंदबाजी शुरू करेंगे और 12 अगस्त को फिटनेस टेस्ट होगा। मैच फिट होने के बाद वह 13 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हो सकेंगे।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- पहली सीरीज जीत पर आई अय्यर की प्रतिक्रिया, इन दो खिलाड़ियों को बताया मैच विनर
लिटन दास बीते जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंजर्ड हो गए थे। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार 13 अगस्त को उनका भी फिटनेस टेस्ट होगा और मैच फिट होने के बाद वह दूसरे टेस्ट में उपलब्ध हो सकते हैं। बांग्लादेश के लिए इंजर्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में तंजीम हसन का नाम भी है जो लंबे वक्त से टीम से बाहर चल रहे हैं। इसके अलावा मुस्तफिजुर रहमान भी दाहिनी हैमस्ट्रिंग और पिंडली की चोटों के कारण द हंड्रेड से बाहर हो गए थे। अगस्त के मध्य में वो मैदान पर वापसी कर सकते हैं। बांग्लादेशी टीम 1 अगस्त को डार्विन के लिए रवाना होने वाली है।
