क्रिकेट

MI W vs RCB W: आखिरी ओवर के रोमांच में मुंबई ने थमाई आरसीबी को पहली हार

MI W vs RCB W: आरसीबी को मुंबई इंडियंस ने हरा दिया। विमेंस प्रीमियर लीग 2025 में यह मंधाना एंड कंपनी की पहली हार है। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में मुंबई ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। 3 मैच में यह मुंबई की दूसरी जीत है।

Image

मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (साभार- WPL)

MI W vs RCB W: विमेंस प्रीमियर लीग के 7वें मैच में मुंबई इंडियंस ने आरसीबी को पहली हार थमा दी। एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 168 रन का लक्ष्य था जिसे मुबई इंडियंस की टीम ने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया। यह इस लीग में आरसीबी की पहली हार है। इससे पहले उसने दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की थी। पहले मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात को जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को पटखनी दी थी।

आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 6 रन की दरकार थी और उसने 1 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से जीत की सूत्रधार रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर जिन्होंने सर्वाधिक 50 रन की पारी खेली। हरमन के अलावा नैट सीवर ब्रंट ने 42 और अमनजोत कौर ने 34 रन की पारी खेली। मुंबई इंडियंस की यह तीसरे मैच में दूसरी जीत है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 9 रन के स्कोर पर उसे यास्तिका भाटिया के रुप में पहला झटका लगा। दूसरे विकेट के लिए नैट सीवर ब्रंट और हैली मैथ्यूज ने 57 रन की साझेदारी की और मुंबई को मुश्किल परिस्थिति से निकाल लिया।

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और 38 गेंद में 50 रन की पारी खेलकर अपनी टीम की स्थिति मजबूत कर दी। लेकिन कप्तान हरमन मैच फिनिश नहीं कर पाईं। दूसरे छोर पर अमनजोत कौर ने आरसीबी को मौका नहीं दिया और 34 रन की नाबाद पारी खेलकर आरसीबी को पहली हार थमा दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। आरसीबी की ओर से एलिस पेरी ने सर्वाधिक 81 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 2 छक्के लगाए। पेरी के अलावा ऋचा घोष ने 28 और कप्तान स्मृति मंधाना ने 26 रन की उपयोगी पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article