Babar vs Virat: पाकिस्तान के बाबर आजम और विराट कोहली की तुलना का अंतहीन डिबेट शायद ही किसी मुकाम तक पहुंचे, लेकिन आए दिन हर कोई इस पर अपनी रोटियां सेक जाता है। एक बार फिर बाबर-विराट के डिबेट पर हंगामा मच गया है। इस बार मोर्चा संभाला है पाकिस्तान के पूर्व सलामी बल्लेबाज तनवीर अहमद ने, जिन्होंने बाबर के फॉर्म पर सवाल उठाने पर दिनेश कार्तिक से कुछ कठिन सवाल पूछे हैं।
तनवीर अहमद ने विराट पर उठाए सवाल
तनवीर दिनेश कार्तिक के उस आरोप का जवाब दे रहे थे जब उन्होंने बाबर के फॉर्म पर सवाल उठाए थे। तनवीर ने दिनेश कार्तिक को कहा कि बाबर के ऊपर सवाल उठाने से पहले उन्हें इंग्लैंड में विराट का फॉर्म देखना चाहिए। तनवीर की मानें तो विराट का प्रदर्शन इंग्लैंड में ठीक नहीं रहा है। 17 मैच में उन्होंने 33 की औसत से रन बनाए हैं, जबकि बाबर आजम ने यहां 65 की औसत से रन बनाए हैं। हालांकि, तनवीर की यह दलील किसी भी तरह से तर्कसंगत नहीं है क्योंकि बाबर ने केवल 4 टेस्ट खेले हैं और विराट 17 टेस्ट इंग्लैंड की धरती पर खेल चुके हैं।
कब और क्यों शुरू हुआ विवाद
पाकिस्तान की टीम फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर है। 27 अगस्त से लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट खेला जाना है। पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम चोट के कारण पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। इसी को लेकर स्काई स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में नासिर हुसैन और दिनेश कार्तिक बातचीत कर रहे थे।
नासिर हुसैन ने कहा कि अगर बाबर खेलते तो पाकिस्तान के लिए चीजें आसान होती, लेकिन इस पर दिनेश कार्तिक ने उन्हें रोकते हुए कहा कि ऐसा नहीं होता, क्योंकि बाबर भी फॉर्म से जूझ रहे हैं। इसी को सुनकर तनवीर अहमद इस बहस में बिना बुलाए मेहमान की तरह कूद पड़े। इस विवाद पर दोनों मुल्कों के फैंस भी खूब लुत्फ उठा रहे हैं। आपको बता दें कि विराट टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन लगता है जब तक बाबर खेलते रहेंगे ये डिबेट चलती रहेगी।
