स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार नॉटिंघमशायर से जुड़ गए हैं और 2026 इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप सीजन के आखिरी दो मैच खेलेंगे। मुकेश ने सभी फॉर्मेट में 26 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें तीन टेस्ट मैच भी शामिल हैं। मुकेश इस सीजन की दलीप ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, जिन्होंने 14.91 के शानदार औसत से 12 विकेट लिए।
उन्होंने कुल 32 विकेट लिए हैं। क्लब की ओर से जारी एक बयान में मुकेश ने कहा, सीजन के अहम समय पर नॉटिंघमशायर के साथ जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैं इंग्लैंड जाने और काउंटी क्रिकेट में खुद को आजमाने के लिए बहुत उत्साहित हूं।
'पहली बार खेलेंगे काउंटी'
उन्होंने आगे कहा, यहां रहते हुए मैं नॉटिंघमशायर की सफलता में जितना हो सके योगदान देना चाहता हूं और मैं कोचों और अपने नए साथियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। ट्रेंट ब्रिज में उनका यह कार्यकाल उनके करियर में पहली बार होगा, जब वह बंगाल से बाहर किसी घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
'मैं नॉटिंघमशायर का हिस्सा हूं'
उन्होंने कहा, इंग्लैंड आना हमेशा एक अच्छी चुनौती होती है और मैं नई परिस्थितियों में एक नई टीम के लिए खेलने के मौके को लेकर उत्साहित हूं। जब तक मैं नॉटिंघमशायर का हिस्सा हूं। मैं अपना सब कुछ झोंक दूंगा और मुझे उम्मीद है कि हम मिलकर सफल होंगे।
दलीप ट्रॉफी फाइनल में किया उम्दा प्रदर्शन
नॉटिंघमशायर के हेड कोच पीटर मूर्स ने कहा, सीजन के अहम समय पर मुकेश को टीम में शामिल करके हम बहुत उत्साहित हैं। वह दलीप ट्रॉफी फाइनल के बेहद कड़े मुकाबले के बाद सीधे यहां आ रहे हैं, जिसमें वह विजेता टीम का हिस्सा थे और ईस्ट जोन की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
फॉर्म में हैं मुकेश
मूर्स ने आगे कहा, एक गेंदबाज के तौर पर मुकेश की काबिलियत पर कोई शक नहीं है, खासकर यह जानते हुए कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए कितना कड़ा मुकाबला होता है। क्लब के लिए दो बड़े मैचों से पहले ऐसा खिलाड़ी मिलना हमारे लिए बहुत अच्छी बात है जो मैच के लिए पूरी तरह तैयार और जबरदस्त फॉर्म में है।
