क्रिकेट

धोनी के कैप्टन कूल ट्रेडमार्क का आवेदन स्वीकार, 120 दिन तक करना होगा इंतजार

भारत के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी के कैप्टन कूल ट्रेडमार्क के आवेदन का स्वीकार कर लिया गया है। वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी नहीं हैं। इससे पहले कई दिग्गज खिलाड़ी ऐसा कर चुके हैं।

Image

एमएस धोनी कैप्टन कूल (साभार-X)

भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक एमएस धोनी द्वारा ‘कैप्टन कूल’ को ट्रेडमार्क कराने के लिए किया गया आवेदन स्वीकार कर लिया गया है। कैप्टन कूल धोनी की शांत छवि को दर्शाता है जो विपरीत से विपरीत परिस्थिति में भी उन्हें शांत रहने के उनके हुनर को दर्शाता है। ESPNcricinfo की मानें तो धोनी के इस आवेदन को ट्रेडमार्क रजिस्ट्री ऑफ इंडिया द्वारा आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया है। इस ट्रेडमार्क स्वीकृति की तारीख यानी 16 जून है और अगर 120 दिनों के भीतर कोई तीसरा पक्ष इस पर अपनी आपत्ति दर्ज नहीं कराता है, तो कैप्टन कूल अधिकारिक रूप से धोनी के साथ जुड़ जाएगा। धोनी ने इस ट्रेडमार्क का इस्तेमाल खेल प्रशिक्षण, कोचिंग, और खेल प्रशिक्षण सुविधाओं और सेवाओं की श्रेणियों के अंतर्गत दायर किया है।

धोनी के बारे में जो जानते हैं उन्हें पता होगा कि उनके पूरे करियर के दौरान फैंस और मीडिया ने उन्हें कैप्टन कूल के नाम से संबोधित किया। मैच की स्थिति चाहे जैसी हो उनके भीतर ऑनफील्ड गजब का ठहराव देखा जाता है। वह आखिरी गेंद तक न केवल मैदान पर लड़ते हैं बल्कि अपने खिलाड़ियों को भी भरोसा दिलाने में कामयाब होते हैं कि गेम अभी खत्म नहीं हुआ है। उनकी यह छवि उनके इस उपनाम को सही साबित करती है।

दिग्गजों की लिस्ट में शामिल धोनी

धोनी ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी नहीं हैं। इससे पहले रोनाल्डो (सीआर 7), उसैन बोल्ट (विक्ट्री पोज) और माइकल जॉर्डन (एयर जॉर्डन) जैसे दिग्गज खिलाड़ी अपने व्यक्तिगत ब्रांड को मजबूत बनाने के लिए ऐसा कर चुके हैं। धोनी के वकील ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 2011 विश्व कप विजेता कप्तान को इस दौरान कई बाधाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन अंत में जीत हुई।

धोनी को हाल ही में 7 अन्य क्रिकेटरो के साथ आईसीसी हॉल ऑफ फेम में जगह मिली थी। वह अगले महीने 44 साल के होने वाले हैं। हाल ही में धोन ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी की थी और अगले सीजन वह खेलेंगे या नहीं इसको लेकर स्थिति साफ नहीं है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article