क्रिकेट

गोल्ड मेडल मैच में उपस्थित नहीं होंगे मोहसिन नकवी, एसीसी ने किया कन्फर्म

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले एशियन गेम्स फाइनल मुकाबले में एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी हिस्सा नहीं लेंगे। एसीसी ने आधिकारिक मीडिया हैंडल से इसकी पुष्टी की।

Image

मोहसिन नकवी (साभार-X)

एशियन गेम्स 2026 क्रिकेट का फाइनल मुकाबला शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय फैंस के मन में एक सवाल है कि क्या एशिया कप की तरह यहां भी टीम इंडिया को बिना मेडल भारत लौटना पड़ेगा। बीसीसीआई ने ने पहली ही साफ कर दिया है कि टीम पीसीबी और एसीसी अध्यक्ष नकवी से किसी तरह की ट्रॉफी नहीं लेगी। मेंस और विमेंस टीम ने एशिया कप मे यह करके भी दिखाया, लेकिन एशियन गेम्स में ये नौबत नहीं आने वाली है। दरअसल एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी जापान के निशिन शहर के कोरोगी पार्क में शनिवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक मुकाबले के दौरान उपस्थित नहीं होंगे।

एसीसी ने आधिकारिक मीडिया हैंडल ’एक्स’ पर लिखा, ’’एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण एशियाई खेल 2026 के फाइनल में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन स्वर्ण और कांस्य पदक मुकाबलों से पहले सभी चार टीम को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजते हैं। ’’ नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री भी हैं। वह बीसीसीआई के लिए परेशानी का सबब रहे हैं।

पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष भारतीय नागरिकों के मारे जाने के बाद ’ऑपरेशन सिंदूर’ में शामिल भारतीय रक्षा बलों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम ने विरोध के तौर पर उनसे अपनी-अपनी एशिया कप ट्रॉफियां लेने से इनकार कर दिया है। नकवी ने इस पोस्ट में कहा, ’’एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक मुकाबलों से पहले सभी प्रतिभागियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। प्रतिबद्धताओं के कारण मैं नागोया से दूर रहूंगा। लेकिन मैं कुछ रोमांचक मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार करूंगा। ’’

बीसीसीआई ने स्पष्ट रूप से अपना रुख कायम रखा है कि उसकी टीमें नकवी से ट्रॉफियां नहीं लेंगी और पाकिस्तान के गृह मंत्री इस बात पर अड़े हुए हैं कि अगर भारत एशिया कप की ट्रॉफियां चाहता है तो यह उन्हें केवल उन्हीं से लेनी होगीं। 2025 के पुरुष एशिया कप और इस साल के महिला चरण दोनों के दौरान भारतीय टीमें नकवी से ट्रॉफी लिए बिना लौट आईं थीं। बीसीसीआई ने एसीसी से अनुरोध किया था कि वह अध्यक्ष को अपने उपाध्यक्ष से यह सम्मान दिलाने की सलाह दे, लेकिन वह नहीं माने।

इस बात को लेकर भी चिंताएं थीं कि अगर नकवी को महाद्वीपीय खेल प्रमुख के रूप में आधिकारिक समारोह में पदक प्रदान करने की अनुमति दी जाती है तो क्या होगा। लेकिन अब नकवी की अनुपस्थिति में एशियाई ओलंपिक परिषद, स्थानीय आयोजक और भारतीय ओलंपिक संघ सभी संभावित रूप से तनावपूर्ण स्थिति से बच सकते हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article