स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिए हुए एक साल से ज्यादा का समय हो गया है। हालांकि, अभी भी एक सवाल जो क्रिकेट फैंस को परेशान करता है कि वह यह कि कोहली ने अचनाक से टेस्ट क्रिकेट को अलविदा क्यों किया। अब भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर ने खुलासा करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने बताया कि विराट ने टेस्ट क्रिकेट को क्यों अलविदा कहा?
भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास में मई 2025 में एक सुनहरे अध्याय का अचानक समापन हो गया था, जब विराट कोहली ने अपने 14 साल लंबे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। सोशल मीडिया पर विराट कोहली ने एक भावुक पोस्ट करते हुए टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने उनके टेस्ट संन्यास पर बड़ा खुलासा किया है।
विराट को नहीं मिली अहमियत
अमर उजाला के एक कार्यक्रम में बात करते हुए कैफ ने कहा कि विराट को वो अहमियत नहीं दी जा रही थी, जिसके वो हकदार थे, जबकि विराट को टेस्ट क्रिकेट बहुत पसंद है। कैफ ने आगे कहा कि विराट टेस्ट क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहते थे, लेकिन हालात ऐसे बन गए थे कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट छोड़ना पड़ा।
कैफ ने कहा, विराट कोहली ने टेस्ट मैच छोड़ा है। अभी उनका एक बयान आया था, जहां वो ये कह रहे हैं कि मैंने इसलिए छोड़ा क्योंकि मुझे टीम में स्वागत, वेलकम फील नहीं हो रहा था। मुझे ये लगा कि लोग चाह रहे हैं कि मैं ना रहूं। ऐसी भावना आ रही थी। तो वो इसलिए छोड़ कर गए। उनका मानना था कि टेस्ट क्रिकेट सबसे मुश्किल फॉर्मेट हैं और मैं उदाहरण बनूंगा, दुनिया के लिए कि मैं टेस्ट क्रिकेट में मैं पांच दिन वहां खड़ा रहूंगा। उनका कहना था कि मुझे टेस्ट प्लेयर बनना है।
'टीम को नहीं थी उनकी जरूरत'
कमेंटेटर कैफ ने कहा, अब उनका बयान आया है कि उन्हें ऐसा लग रहा था कि टेस्ट टीम में अब उनकी जरूरत नहीं है। हालात ऐसे बन गए कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट छोड़ना पड़ा और इस बारे में कोई बात नहीं कर रहा है। फॉर्म तो अलग बात है वो आता जाता रहता है। पर उनका कहना था कि फॉर्म के साथ-साथ लोगों ने उन्हें ऐसा महसूस कराया कि अब आपका टाइम आ गया है टीम को अब आपकी जरूरत नहीं है।
खेले 123 टेस्ट मैच
विराट कोहली ने भारत के लिए 123 टेस्ट मैच की 210 पारियों में 9230 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका 46.85 का औसत रहा है। विराट ने 55.58 की स्ट्राइक रेट से टेस्ट क्रिकेट में 30 शतक (जिसमें 7 दोहरे शतक) और 31 अर्धशतक जड़े हैं। विराट ने 2014 से 2022 के बीच रिकॉर्ड 68 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में भारत ने 40 मैच जीते, जो किसी भी भारतीय टेस्ट कप्तान का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। फिलहाल विराट कोहली वनडे क्रिकेट खेलते हैं। वह साल 2024 में टी20I क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था।
