क्रिकेट

VIDEO: मोहम्मद सिराज बने 'सुपरमैन', इस कैच को देखकर आप भी रह जाएंगे दंग

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jul 13, 2023, 03:59 PM IST

Mohammed Siraj catch video: भारत और वेस्टइंडीज के बीच डोमिनिका में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के पहले दिन टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। गेंदबाजी और बल्लेबाजी के अलावा भारतीय टीम ने फील्डिंग भी शानदार की। इसी दौरान भारतीय पेसर मोहम्मद सिराज ने एक ऐसा कैच लपका कि सब दंग रह गए।

Image

मोहम्मद सिराज (screenshot)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला टेस्ट
  • मोहम्मद सिराज ने लिया बेहतरीन कैच
  • सिराज के कैच का वीडियो हुआ वायरल

Mohammed Siraj Catch Video: डोमिनिका में खेले जा रहे भारत-वेस्टइंडीज पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय क्रिकेट टीम ने दमदार खेल दिखाया। पहले टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को सस्ते में समेट दिया, उसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने भी दिन का खेल समाप्त होने तक शानदार बल्लेबाजी की। इस बीच भारतीय टीम ने शानदार फील्डिंग भी की और इसमें सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं मोहम्मद सिराज ने। सिराज ने एक जबरदस्त कैच लपका जिसका वीडियो अब वायरल है।

टेस्ट मैच (India vs West Indies) के पहले दिन टीम इंडिया ने शानदार गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज की टीम को 150 रन पर ऑलआउट कर दिया। इस दौरान मोहम्मद सिराज ने सभी को तब चौंका दिया जब उन्होंने एक शानदार कैच लपकते हुए वेस्टइंडीज के धाकड़े बल्लेबाज जरमेन ब्लैकवुड को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।

मामला दिन के 28वें ओवर का है। रविन्द्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के इस ओवर की अंतिम गेंद पर ब्लैकवुड ने जडेजा के सिर के ऊपर से एक शॉट खेलने का प्रयास किया। गेंद हवा में लहराती हुई जा रही थी, तभी मिडऑफ दिशा में अपनी बाएं ओर जाते हुए मोहम्मद सिराज ने छलांग लगाते हुए एक हाथ से जोरदार कैच लपका। इस दौरान सिराज चोटिल होते-होते भी बचे।

देखिए मोहम्मद सिराज के कैच का वीडियो

सिराज के इस कैच से भारत ने वेस्टइंडीज को चौथा झटका दिया। इसके बाद एक-एक करके विकेट गिरते रहे और 150 रन पर पूरी मेजबान टीम सिमट गई। भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए जबकि जडेजा ने 3 विकेट झटके। सिराज और शार्दुल ठाकुर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके बाद भारतीय टीम के बल्लेबाज जवाब देने उतरे। डेब्यू कर रहे यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के साथ पारी की शुरुआत की और दोनों ने दिन का खेल समाप्त होने तक बिना विकेट गंवाए 80 रन बना दिए।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article