क्रिकेट

गंभीर की कोचिंग में सब डर के खेल रहे हैं, पूर्व क्रिकेटर का बड़ा आरोप

भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भारतीय बल्लेबाजों के अप्रोच पर सवाल उठाया है। कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया 124 रन का आसान लक्ष्य भी हासिल नहीं कर पाई थी और गिल की अनुपस्थिति में उसे हार का सामना करना पड़ा था।

Image

भारतीय टीम (साभार-BCCI)

कोलकाता में साउथ अफ्रीका के स्पिन गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों के सरेंडर ने सोचने पर मजबूर कर दिया। एक वक्त था जब भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन खेलने में महारथ हासिल थी, लेकिन अब यह बीते दिनों की बात हो गई। पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज और अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में जो दुर्दशा हुई, उसने मौजूदा बल्लेबाजों की तकनीक पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी क्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम इंडिया के बल्लेबाजों पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका मानना है कि मौजूदा टीम में खिलाड़ी डरे हुए हैं। कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा है कि जो भी खिलाड़ी खेल रहे हैं उनके पीछे कोई खड़ा नहीं है। कोई बैकिंग नहीं है। सब डर के खेल रहे हैं कोई खुल कर नहीं खेल रहा है।

टीम में है असमंजस की स्थिति

इसके अलावा कैफ ने प्लेइंग इलेवन के चुनाव पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद सरफराज खान को मौका नहीं मिल रहा है। इसके अलावा साई सुदर्शन ने भी पिछले मुकाबले में 87 रन बनाए थे। इसके बावजूद उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। मुझे लगता है कि टीम में असमंजस की स्थिति है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का खुद पर से भरोसा कम हो गया है। टीम में असुरक्षा की भावना आ गई है। जब असुरक्षा की भावना हो या टर्निंग ट्रैक हो तो आप अच्छा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि सुंदर इसलिए अच्छी बल्लेबाजी कर पाए क्योंकि वहां के खिलाड़ी इस तरह की पिच पर खेलने के अभ्यस्त हैं।

साई सुदर्शन भी चेन्नई से आते हैं। अगर वह खेलते और नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते। सुंदर नंबर 8 पर आते तो निश्चित तौर पर टीम इंडिया की जीत होती। सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article