क्रिकेट

पाकिस्तान क्रिकेट के मुख्य चयनकर्ता का पद छोड़ने के बाद मिसबाह ने अब भारतीय क्रिकेट की तारीफ की

Misbah-ul-Haq praises Indian cricket: पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर अंदरूनी मतभेद और कलह की बातें सामने आना शुरू हो गई हैं और इस बार जरिया बने हैं पूर्व कप्तान व हाल में मुख्य चयनकर्ता का पद छोड़ने वाले मिसबाह उल हक, जिन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को लताड़ने के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट की तारीफ भी कर डाली।

Image

मिसबाह-उल-हक ने भारतीय क्रिकेट की तारीफ की (X)

पाकिस्तान क्रिकेट में कब कौन क्या बोल दे, किसी को पता नहीं होता। जो कभी भारतीय क्रिकेट के खिलाफ बोलते थे, वो भी बोर्ड में अंदरुनी कलह के चलते भारतीय क्रिकेट का पक्ष लेना शुरू कर देते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट के मुख्य चयनकर्ता का पद छोड़ने के कुछ दिनों बाद अब मिसबाह-उल-हक ने भी ऐसा ही किया है। मिसबाह ने भारतीय क्रिकेट की तारीफ की और पाकिस्तान के बार-बार खिलाड़ियों को बदलने के तरीके की आलोचना की। हाल ही में सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान ने सात खिलाड़ियों को इंग्लैंड से वापस घर भेज दिया था। सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट अगले हफ्ते शुरू होगा। पीटीआई के अनुसार, मिसबाह ने कहा, "भारत ने अपने सिस्टम को बेहतर बनाने और विकसित करने में समय लिया और 90 के दशक के बाद अपने सिस्टम में धीरे-धीरे निवेश किया। सिस्टम को ठीक करने का कोई शॉर्टकट नहीं है।"

मिसबाह ने कहा, "हमारे युवा खिलाड़ी बहुत ज्यादा सीमित ओवर क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट का अनुभव कम मिल रहा है। चार-दिन का क्रिकेट काफी नहीं हो रहा है। इसका मतलब है कि उनके दबाव में बिखरने की संभावना ज्यादा है।"

स्थानीय कोचों के साथ भेदभाव का आरोप

मिसबाह ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान क्रिकेट में स्थानीय और विदेशी कोचों के साथ अलग-अलग व्यवहार किया जाता है। उन्होंने बताया कि स्थानीय कोच को ज्यादा कड़ी जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ता है। सात खिलाड़ियों को वापस भेजने के अलावा, PCB ने हेड कोच सरफराज खान को भी हटा दिया और यह जिम्मेदारी माइक हेसन को सौंप दी।

उन्होंने कहा, “ये सच है कि पाकिस्तान क्रिकेट में लोकल और विदेशी कोचों के साथ अलग-अलग बर्ताव किया जाता है। विदेशी कोचों की तुलना में लोकल कोचों को ज्यादा जांच-पड़ताल और आलोचना का सामना करना पड़ता है। मुझे नहीं लगता कि विदेशी कोच रखने में कोई बुराई है, लेकिन मुझे जो बात परेशान करती है, वह यह है कि हम विदेशी कोचों के प्रति थोड़ा नरम रुख रखते हैं।”

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज के बीच में ही टीम में बड़े बदलाव किए, जिसके बाद मिसबाह-उल-हक ने पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता का पद छोड़ दिया। दूसरे मैच के बाद मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, ओवैस जफर और खुर्रम शहजाद को वापस भेज दिया गया। बाबर आजम की गैर-मौजूदगी में आगा ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान की कप्तानी की थी। चोट के कारण बाबर पहला मैच नहीं खेल पाए थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article