Eastern Peripheral Expressway Accident News Today: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बड़ागांव कट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में लगभग 32 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की ओर लौट रहे थे।
तड़के 12:30 बजे हुआ हादसा, राहत कार्य में जुटी पुलिस
बागपत के पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज कुमार राय के अनुसार, आपातकालीन सेवा डायल 112 के माध्यम से तड़के लगभग 12:30 बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, 4 पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) यूनिट्स और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) व जिला अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर कर दिया गया है।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल-चाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए बागपत की जिलाधिकारी (DM) अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना और चिकित्सकों को समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि बड़ागांव कट के पास एक वाहन के पलटने से गंभीर हादसा हुआ है, जिसमें 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी और जिला अस्पताल लाया गया है। पुलिस प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा उनके परिजनों को घटना की सूचना देने के प्रयास जारी हैं।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 12 तक पहुंच गया। घायलों का इलाज जारी है, जिसमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
