शहर

लुधियाना में रिश्तों का कत्ल, जिसे बेटे की तरह पाला, उसी नाती ने कर दी नानी की हत्या, CCTV ने खोला राज

लुधियाना के जगराओं में प्रॉपर्टी के विवाद में एक शख्स पर नानी की हत्या का आरोप लगा है। मनजीत कौर की मौत को पहले सामान्य मानकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। बाद में CCTV फुटेज में हत्या का खुलासा हुआ।

Image

लुधियाना में शख्स पर नानी की हत्या का आरोप

Photo : Times Now Digital

Ludihana Murder News: पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस नानी ने बेटी की मौत के बाद अपने नाती को मां की तरह पाला-पोसा और उसकी शादी करवाई, उसी नाती ने प्रॉपर्टी की लालच में अपनी नानी की बेरहमी से हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि परिवार ने इसे हार्ट अटैक या सामान्य मौत समझकर अंतिम संस्कार भी कर दिया था, लेकिन बाद में एक सीसीटीवी फुटेज ने इस खौफनाक हत्याकांड का राज खोला।

सामान्य मौत मानकर कर दिया था दाह संस्कार

यह घटना 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे को हुई, जब परिवार को बुजुर्ग मनजीत कौर की अचानक मौत की खबर मिली। शाम ढलने के कारण शव को पहले मोर्चरी में रखवाया गया। परिवार यह प्राकृतिक मौत लगी, इसलिए 4 सितंबर को पुलिस की सामान्य प्रक्रिया के तहत औपचारिकता पूरी कर मनजीत कौर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

CCTV फुटेज में कैद हुआ दिल दहला देने वाला सच

अंतिम संस्कार के बाद जब नानी की अचानक हुई मौत पर संदेह गहराया, तो घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। कैमरे की रिकॉर्डिंग देखकर परिजनों के होश उड़ गए। फुटेज में आरोपी नाती गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा अपनी नानी मनजीत कौर के साथ झगड़ा और मारपीट करता नजर आया। इसके बाद वह बेरहमी से नानी के ऊपर बैठ गया और तकिए से उनका मुंह व गला दबाते हुए दिखा।

प्रॉपर्टी के लिए नानी पर बना रहा था दबाव

सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मामले को तुरंत हत्या के मुकदमे में तब्दील कर दिया। जिसके बाद आरोपी गुरकीरत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी गुरकीरत ने हत्या की बात कुबूल कर ली है। जांच में सामने आया कि आरोपी नानी का मकान और अन्य संपत्ति अपने नाम करवाने के लिए उन पर लगातार दबाव बना रहा था। नानी के इनकार करने के बाद दोनों में विवाद हुआ। जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article