क्रिकेट

मार्क वुड ने बताया किस भारतीय बल्लेबाज के सामने गेंदबाजी करना है सबसे मुश्किल

चोट की वजह से भारत के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाने वाले इंग्लिश तेज गेंदबाज मार्क वुड ने एक पॉडकास्ट में बताया है कि उनके लिए किस भारतीय बल्लेबाज के सामने गेंदबाजी करना रहा है सबसे मुश्किल?

Image

मार्क वुड (फोटो क्रेडिट England Cricket X)

लंदन: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड का कहना है कि उन्होंने अब तक अपने करियर में जिन भारतीय खिलाड़ियों को गेंदबाजी की है, उनमें रोहित शर्मा को गेंदबाजी करना सबसे मुश्किल है क्योंकि जब वह लय में होते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। वुड घुटने की चोट के कारण भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर हुई पांच मैच की श्रृंखला से बाहर रहे। वह एशेज श्रृंखला से पहले सितंबर में होने वाली काउंटी चैंपियनशिप में डरहम के साथ वापसी का लक्ष्य बना रहे हैं।

रोहित के सामने गेंदबाजी करना है सबसे मुश्किल

‘द ओवरलैप क्रिकेट’ पॉडकास्ट पर बात करते हुए वुड ने बताया कि भारत के खिलाफ खेलते हुए उन्हें किन बल्लेबाजों का सामना करने में सबसे मुश्किल हुई। वुड ने कहा, 'अपने करियर के अलग अलग चरण के हिसाब से मैं रोहित शर्मा को चुनूंगा। उन्हें गेंदबाजी करना मुश्किल इसलिए हैं क्योंकि शॉर्ट गेंदबाजी करते हुए आपको लगता है कि उन्हें आउट करने का मौका है लेकिन अगर वह उस दिन फॉर्म में हैं तो वह धुआंधार बल्लेबाजी करते हैं। इसलिए उन्हें गेंदबाजी करना मुश्किल थे। मुझे हमेशा लगता था कि ‘उनका बल्ला बस चौड़ा होता जा रहा है’।'

अविश्वसनीय प्रतिस्पर्धी हैं विराट

वुड हाल के वर्षों में सबसे तेज गेंदबाजों में से एक हैं जो लगातार 145 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने विराट कोहली और ऋषभ पंत को भी कड़ा प्रतिस्पर्धी बताया। उन्होंने कहा,'निश्चित रूप से कोहली अविश्वसनीय प्रतिस्पर्धी हैं। ऐसे खिलाड़ी जिनके बारे में मुझे लगता था कि चौथे और पाचवें स्टंप उनकी कमजोरी हैं लेकिन जब भी मैंने उन्हें इस लाइन पर गेंदबाजी की तो वह कभी भी चूके नहीं। इसलिए उन्हें गेंदबाजी करना मुश्किल था।' रोहित और कोहली टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन दोनों वनडे प्रारूप में सक्रिय हैं।

बेहद तेज है पंत की नजर

वहीं पंत के बारे में बात करते हुए वुड ने इस विकेटकीपर-बल्लेबाज के बारे में कहा,'मुझे लगता है कि वह संयम बनाए रखता है। वह इतना अप्रत्याशित हो सकता है कि अगर आप हमेशा एक जैसी गेंदबाजी करते रहते हैं तो उसकी नजर बहुत तेज है और वह इच्छानुसार हिट करता है। इसलिए उसे गेंदबाजी करते हुए आपको धीमी गेंद, ऊंची बाउंसर या फिर तेज यॉर्कर सभी को आजमाना चाहिए।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article