Best Places in Delhi For Garba and Dandiya: नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में गरबा और डांडिया की रौनक बढ़ने लगी है। त्योहार के इस खास मौके पर राजधानी में कई जगहों पर गरबा और डांडिया फेस्टिवल आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में डांस और म्यूजिक के साथ शानदार खाने, पारंपरिक कपड़ों और फेस्टिव माहौल का मजा भी लिया जा सकता है। अगर आप भी दोस्तों या परिवार के साथ नवरात्रि को खास बनाना चाहते हैं और गरबा-डांडिया खेलने का प्लान बना रहे हैं, तो दिल्ली की इन 5 जगहों को जरूर विजिट करें।

ग्लोबल गरबा फेस्टिवल का आयोजन (सांकेतिक फोटो)
पुराना किला में ग्लोबल गरबा फेस्टिवल
दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में इस बार नवरात्रि के दौरान गरबा का खास आयोजन होने जा रहा है। यहां 15 से 19 अक्टूबर 2026 तक ग्लोबल गरबा फेस्टिवल चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पारंपरिक गरबा और रास के अलावा लाइव म्यूजिक, गुजराती व्यंजनों और हैंडलूम व हस्तशिल्प से जुड़े स्टॉल का मजा लिया जा सकेगा। उत्सव के दौरान मां अंबा की आरती और गुजराती परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। जो लोग गरबा खेलने के साथ गुजरात की संस्कृति और रीति-रिवाजों को करीब से जानना चाहते हैं, उनके लिए यह आयोजन खास हो सकता है।
वसंत विहार में रंगताली 2026
साउथ दिल्ली में गरबा और डांडिया का आनंद लेने के लिए वसंत विहार में रंगताली 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह फेस्टिवल 16, 17 और 18 अक्टूबर को ललित महाजन स्कूल में होगा। कार्यक्रम का समय शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित है। यहां गरबा, डांडिया और रास के साथ गुजराती खाने और स्नैक्स का स्वाद भी चखने को मिलेगा। आयोजन में पारंपरिक पहनावे को खास महत्व दिया गया है। ऐसे में चनिया-चोली, घाघरा, साड़ी, कुर्ता या केडियू जैसे पारंपरिक कपड़े पहनकर इस उत्सव में शामिल होना त्योहार के अनुभव को और खास बना सकता है।
पीतमपुरा के दिल्ली हाट में डांडिया उत्सव
नॉर्थ दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में आयोजित होने वाला डांडिया उत्सव एक ऑप्शन है। यह कार्यक्रम 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। उत्सव में हर दिन शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक शामिल हुआ जा सकेगा। यहां पारंपरिक गरबा, रास और डांडिया के साथ म्यूजिक व मनोरंजन की भी व्यवस्था रहेगी। अगर आप नवरात्रि के दौरान दोस्तों या परिवार के साथ शाम बिताने और पारंपरिक डांस का हिस्सा बनने की योजना बना रहे हैं, तो इस आयोजन में जरूर विजिट करें।

डांडिया नाइट्स का आयोजन (सांकेतिक फोटो)
द्वारका सेक्टर-14 में डांडिया नाइट्स
द्वारका सेक्टर-14 और उसके आसापास में रहने वाले लोगों के लिए नवरात्रि के दौरान डांडिया नाइट्स का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 16 और 17 अक्टूबर को वेगास मॉल के पास स्थित डीडीए ग्राउंड में होगा। यहां गरबा और डांडिया के साथ डीजे, म्यूजिक और खाने-पीने की भी व्यवस्था रहेगी। फेस्टिवल में जाने वाले लोग पारंपरिक या रंगीन फेस्टिव आउटफिट पहनकर नवरात्रि के माहौल का आनंद ले सकते हैं।
ओखला में डांडिया रास सीजन 4
साउथ-ईस्ट दिल्ली में गरबा और डांडिया खेलने की योजना बना रहे लोगों के लिए ओखला स्थित एनएसआईसी एग्जिबिशन ग्राउंड में डांडिया रास सीजन 4 का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम 17 और 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यहां पारंपरिक डांडिया और गरबा के अलावा लाइव डीजे तथा कलाकारों की परफॉर्मेंस भी आकर्षण का हिस्सा होंगी। इस तरह, यहां आने वाले लोगों को पारंपरिक नृत्य के साथ संगीत और मनोरंजन का अनुभव भी मिल सकता है।
