Manav Suthar: भारत के उभरते हुए स्पिनर मानव सुथार ने इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। वॉरविकशर की तरफ से खेलते हुए मानव ने समरसेट के खिलाफ मैच में कुल 7 विकेट चटकाए। इसमें दूसरी पारी में 5 विकेट भी शामिल हैं। टांटन में खेले जा रहे मैच में समरसेट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट ऑलराउंडर ब्यु वेबस्टर ने 23 रन देकर 4 विकेट लिए।
मानव ने पहली पारी में समरसेट के दोनों आखिरी बल्लेबाजों को आउट किया। जवाब में वॉरविकशर ने पहली पारी में 330 रन बनाए और 122 रन की बढ़त ली। लेकिन समरसेट ने दूसरी पारी में जोरदार वापसी की। पिच बल्लेबाजी के लिए आसान होने पर समरसेट ने 435 रन बना दिए। एक समय मानव ने 3 जल्दी विकेट लेकर समरसेट का स्कोर 6 विकेट पर 148 रन कर दिया था। लेकिन इसके बाद समरसेट की टीम संभल गई और बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। अब वॉरविकशर को जीत के लिए 314 रन का टारगेट मिला है। मैच के आखिरी दिन टीम ने 2 विकेट पर 34 रन बना लिए हैं।
दो मैच में 11 विकेट
मानव सुथार ने वॉरविकशर के साथ दो काउंटी मैच खेलने का करार किया था। अपने छोटे से काउंटी सफर में उन्होंने जबरदस्त छाप छोड़ी। दो मैचों में मानव ने कुल 11 विकेट अपने नाम किए। समरसेट के खिलाफ मैच में मानव ने पहली पारी में 18 ओवर में 50 रन देकर 2 विकेट लिए। दूसरी पारी में तो उन्होंने कमाल कर दिया। 46.5 ओवर गेंदबाजी करके 100 रन देकर 5 विकेट झटक लिए। इससे पहले यॉर्कशर के खिलाफ काउंटी डेब्यू में भी उन्होंने 4 विकेट लिए थे। दोनों पारियों में 2-2 विकेट मिले थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- सूर्यवंशी सबसे खूंखार बल्लेबाज, ट्राई सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने और विकेट लेने वाले खिलाड़ी
बल्ले से भी किया कमाल
मानव ने सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्ले से भी टीम के लिए योगदान दिया। समरसेट के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने 28 रन बनाए। यॉर्कशर के खिलाफ डेब्यू मैच में भी 33 और 37 रन की दो अच्छी पारियां खेली थीं। मानव सुथार को भारत का भविष्य का टेस्ट गेंदबाज माना जा रहा है। इसी महीने की शुरुआत में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। अपने पहले ही टेस्ट में मानव ने सात विकेट लेकर सबको चौंका दिया था।
