क्रिकेट

तिलक के रिटायर्ड आउट के विवाद पर मुंबई इंडियंस के कोच ने दी प्रतिक्रिया

MI vs LSG Match: लखनऊ के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस को 12 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट कराया गया था। हार्दिक के इस फैसले की खूब आलोचना हो रही है। अब इस पर पहली बार मुंबई इंडियंस के कोच की प्रतिक्रिया सामने आई है।

Image

तिलक वर्मा और मुंबई इंडियंस (साभार-X)

MI vs LSG Match: मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट करना अच्छा नहीं था लेकिन तब वह परिस्थितियों के अनुसार आक्रामक बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे थे और इसलिए यह रणनीतिक फैसला किया गया। जयवर्धने ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्रिकेट में इस तरह की चीजें होती रहती हैं। और उसे बाहर करना अच्छा नहीं था लेकिन मुझे ऐसा करना पड़ा। यह उस समय एक रणनीतिक निर्णय था।’’

तिलक ने भारत की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो शतक लगाए हैं। वह जब 23 गेंद पर 25 रन बना कर खेल रहे थे तब मुंबई की टीम ने उन्हें रिटायर्ड आउट करवा दिया और उनकी जगह मिशेल सेंटनर को भेजा गया जिनका स्ट्राइक रेट 106 है। मुंबई की यह रणनीति हालांकि कारगर साबित नहीं हुई और उसे 12 रन से हार का सामना करना पड़ा। जयवर्धने ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि तिलक शुरू में अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था। हमें उम्मीद थी कि वह तेज गति से रन बनाएगा लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आखिरी कुछ ओवरों तक इस उम्मीद में इंतजार किया कि तिलक तेजी से रन बनाएगा क्योंकि उसने क्रीज पर कुछ समय बिताया था। लेकिन वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहा था और तब मुझे लगा कि किसी नए खिलाड़ी को उतारना सही होगा।’’ दूसरी तरफ लखनऊ के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने मुंबई के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए अपने गेंदबाजों की प्रशंसा की। मुंबई ने 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय तीन विकेट पर 143 रन बना लिए थे लेकिन इसके बाद आवेश खान, शार्दुल ठाकुर, दिग्वेश राठी और रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी की।

लैंगर ने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि शार्दुल ठाकुर का वह ओवर (जिसमें उन्होंने सिर्फ सात रन दिए) शानदार था। इसने वास्तव में हमें मैच में बनाए रखा। इसके बाद निश्चित तौर पर आवेश खान ने मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिग्वेश राठी ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। रवि बिश्नोई ने लय हासिल करना शुरू कर दिया है जो हमारे लिए वास्तव में बेहद महत्वपूर्ण है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article