क्रिकेट

शेर-ए-पंजाब T20 लीग: अमृतसर सूरमा को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा लुधियाना लायंस, जानें किससे होगी भिड़ंत

Sher-E-Punjab T20 League: मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अमृतसर सूरमा ने 20 ओवर में 176/9 का स्कोर बनाया। वहींं 177 रनों के टारगेट को लुधियाना ने 19वें ओवर में हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की।

Image

लुधियाना लायंस (फोटो साभार- ANI)

Sher-E-Punjab T20 League: शेर-ए-पंजाब T20 लीग में लुधियाना लायंस ने दमदार अंदाज में सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में लुधियाना ने अमृतसर सूरमा को 5 विकेट से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इस मैच में लुधियाना को क्वालीफाई करने के लिए सिर्फ 62 रन बनाने की जरूरत थी, क्योंकि उनका नेट रन रेट बेहतर था। लेकिन लायंस ने सिर्फ क्वालीफिकेशन तक सीमित न रहते हुए 177 रनों के लक्ष्य को 19वें ओवर में ही हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

लुधियाना लायंस ने अमृतसर सूरमा को हराया

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अमृतसर सूरमा ने 20 ओवर में 176/9 का स्कोर बनाया। टीम की शुरुआत खराब रही और सहज धवन सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद जशनप्रीत सिंह और अभय चौधरी ने 32 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। अभय ने 15 गेंदों में 25 रनों की आक्रामक पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही अमृतसर की पारी लड़खड़ा गई और स्कोर 97/5 हो गया। यहां से राहुल कुमार ने मोर्चा संभाला। उन्होंने इश्मीत सिंह संधू के साथ छठे विकेट के लिए 64 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। राहुल ने 36 गेंदों में 57 रनों की बेहतरीन पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लुधियाना की तरफ से कार्तिक चड्ढा ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए और अंतिम ओवरों में रनों पर अंकुश लगाया।

5 विकेट से जीता लुधियाना लायंस

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुधियाना की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने 32 रन पर 2 विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद सलील अरोड़ा और कार्तिक शर्मा ने मैच का रुख ही पलट दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की तूफानी साझेदारी की। सलील अरोड़ा ने 35 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौकों की मदद से 70 रन ठोके। वहीं कार्तिक शर्मा ने 40 गेंदों में 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इस साझेदारी ने समीकरण को 60 गेंदों में 67 रन तक ला दिया। सलील के आउट होने के बाद अमृतसर को थोड़ी उम्मीद जगी, लेकिन तब तक मैच लुधियाना की मुट्ठी में आ चुका था। अंत में लुधियाना ने 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की।

सेमीफाइनल में किसका-किससे होगा मुकाबला

अब प्लेऑफ का शेड्यूल तय हो गया है। 12 सितंबर को पहला सेमीफाइनल मोहाली किंग्स और अमृतसर सूरमा के बीच दोपहर 1 बजे खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल शाम 7 बजे लुधियाना लायंस और जालंधर वॉरियर्स के बीच होगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article