क्रिकेट

MLC 2026: लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने जीता पहला MLC का खिताब, फाइनल मे वॉशिंगटन फ्रीडम को 1 रन से दी मात

लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने रोमांचक मुकाबले में 1 रन से जीत हासिल कर अपना पहला मेजर लीग क्रिकेट खिताब जीता। ओबस पीनार की जबरदस्त कोशिश के बावजूद वॉशिंगटन फ्रीडम आखिरी ओवर में जीत हासिल नहीं कर सकी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट राइडर्स ने 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन की पारी सुनील नरेन और जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी के आगे बिखर गई।

Image

मेजर क्रिकेट लीग फाइनल 2026।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने शनिवार को कैलिफोर्निया के ओकलैंड कोलिजीयम में खेले गए रोमांचक फाइनल मैच में वॉशिंगटन फ्रीडम को एक रन से हराकर अपना पहला मेजर लीग क्रिकेट (MLC) खिताब जीता। आखिरी ओवर में वॉशिंगटन को जीत के लिए 14 रनों की जरूरत थी। ओबस पीनार ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। ऐसे में वॉशिंगटन की जीत पक्की लग रही थी, लेकिन शैडली वैन शाल्कविक ने आखिरी पांच गेंदों में तीन विकेट निकाल कर (एक रन आउट के रूप में) नाइट राइडर्स को जीत दिला दी।

वॉशिंगटन फ्रीडम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लॉस एंजिल्स की टीम 19.4 ओवर में 164 रन पर ऑलआउट हो गई। आंद्रे फ्लेचर ने 27 गेंद में 47 रन बनाकर पारी को अच्छी शुरुआत दी, जबकि कॉलिन मुनरो ने 29 गेंद में 40 रन बनाए। आंद्रे रसेल के शून्य पर आउट होने के बाद मैथ्यू ट्रम्प ने 21 गेंद में 39 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे।

वॉशिंगटन ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर वापसी की कोशिश जारी रखी। बेन ड्वारशुइस ने 31 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। जबकि रचिन रवींद्र (2/23), निखिल चौधरी (2/32) और मिशेल ओवेन (2/14) ने भी नाइट राइडर्स को ऑलआउट करने में योगदान दिया।

सुनील नरेन और होल्डर की घातक गेंदबाजी

लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम को कभी भी अच्छी शुरुआत नहीं मिली। सुनील नरेन ने उनके टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। इस बाएं हाथ के स्पिनर ने मिशेल ओवेन (9), स्टीवन स्मिथ (8) और रचिन रवींद्र (7) को आउट किया और 13 रन देकर 3 तीन विकेट चटकाए।

इसके बाद कप्तान जेसन होल्डर ने तीन अहम विकेट लिए। उन्होंने एंड्रीस गौस (40), निखिल चौधरी (25) और बेन ड्वारशुइस (1) को आउट किया और 31 रन देकर तीन विकेट के साथ अपना स्पेल खत्म किया। 16वें ओवर में वॉशिंगटन 6 विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाकर मुश्किल में थी। नाइट राइडर्स का दबदबा साफ दिख रहा था।

हालांकि, ओबस पीनार ने जबरदस्त पलटवार करते हुए सिर्फ 24 गेंद पर 53 रन बनाए (जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे) और वॉशिंगटन फ्रीडम को मुकाबले में वापस ले आए। उनके हाफ सेंचुरी के बाद वॉशिंगटन को आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए थे, जिससे मैच बेहद रोमांचक हो गया।

आखिरी ओवर का रोमांच

आखिरी ओवर में ड्रॉमा सस्पेंस सब कुछ था। पीनार ने पहली गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर छक्का लगाकर आखिरी ओवर की शुरुआत की और पांच गेंद में आठ रन की जरूरत थी। वैन शाल्कविक ने अगली गेंद पर परफेक्ट यॉर्कर फेंक कर पीनार को आउट कर नाइट राइडर को मैच में वापस ला दिया।

अगली ही गेंद पर इयान हॉलैंड ने इनफील्ड के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन लॉन्ग-ऑफ पर खड़े जेसन होल्डर के हाथों कैच दे बैठे, जिससे वॉशिंगटन की टीम मुश्किल में पड़ गई। इसके बाद लॉकी फर्ग्यूसन ने एक बाउंड्री और फिर एक सिंगल लेकर मैच में रोमांच बनाए रखा, जिससे आखिरी गेंद पर लाहिरू मिलंथा को टीम को जीत दिलाने के लिए तीन रन बनाने थे।

मिलंथा ने पहला रन तो पूरा कर लिया, लेकिन दूसरा रन लेने की कोशिश में वह रन आउट हो गए। विकेटकीपर जाहमार हैमिल्टन ने उन्हें आउट किया और इस तरह नाइट राइडर्स ने एक रोमांचक मैच में एक रन से जीत हासिल की और अपना पहला खिताब जीता। MI न्यूयॉर्क ने 2023 में पहला खिताब जीता और फिर 2025 में भी जीता, जबकि वॉशिंगटन फ्रीडम ने 2024 में ट्रॉफी अपने नाम की।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article