क्रिकेट

विश्व कप 2023 के लिए श्रीलंका को मिला नया कप्तान, इस खिलाड़ी के हाथ आई कमान

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Oct 15, 2023, 08:54 PM IST

चोट की वजह से दसुन शनाका के विश्व कप 2023 से बाहर होने के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कुशल मेंडिस के हाथों में टीम की कमान सौंपी है।

Image

कुसल मेंडिस

लखनऊ: दसुन शनाका के चोट की वजह से विश्व कप 2023 से बाहर होने के बाद श्रीलंकाई टीम को नया कप्तान मिला है। कुशल मेंडिस के हाथों में विश्व कप के बाकी बचे मैचों के लिए श्रीलंकाई टीम की बागड़ोर सौंपी गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16 अक्टूबर को खेले जाने वाले मुकाबले में मेंडिस श्रीलंका की कप्तानी करते नजर आएंगे। इससे पहले कुसल मेंडिस ने श्रीलंका की कप्तानी किसी भी फॉर्मेट में नहीं की है। इतने बड़े मंच पर उन्हें ये मौका मिला है। वो वनडे क्रिकेट में कप्तानी करने वाले श्रीलंका के 26वें खिलाड़ी हैं।

श्रीलंका को शुरुआती दो मैच में मिली है हार

कुसल मेंडिस के हाथों में अचानक बहुत बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। श्रीलंका की टूर्नामेंट में शुरुआत अच्छी नहीं रही है। उसे शुरुआती दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में टीम को जीत की राह पर वापस लाने की उनके सामने बड़ी चुनौती है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में उनके सामने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के रूप में बड़ी चुनौती खड़ी है।

शानदार फॉर्म में हैं कुसल मेंडिस

28 वर्षीय कुसल मेंडिस टीम के अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने अबतक करियर में 114 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 33.46 के औसत से 3413 रन बनाए हैं। जिसमें 3 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। विश्व कप 2023 में मेंडिस शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अभ्यास मैच से लेकर अबतक अपने फॉर्म को बरकरार रखा है। अफगानिस्तान के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए अभ्यास मैच में मेंडिस ने 158 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 और पाकिस्तान के खिलाफ 122 रन की पारी खेली थी। ऐसे में उनके सामने अब चुनौती कप्तानी की जिम्मेदारी के साथ टीम के लिए रन बनाने की होगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article