क्रिकेट

कुमार संगकारा ने जमकर की वैभव सूर्यवंशी का तारीफ, कहा- इस बात का नहीं पड़ता है उनपर असर

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगाकारा ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना की है। जानिए उन्होंने टीम इंडिया के लिए डेब्यू के मुहाने पर खड़े बल्लेबाज के बारे में क्या कहा?

Image

कुमार संगकारा और वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट PTI)

मुंबई: राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगाकारा ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि वह 'प्रसिद्धि और चकाचौंध' से प्रभावित होने वाले खिलाड़ी नहीं हैं और दबाव में भी बेहद सहज रहते हैं। श्रीलंका के इस पूर्व दिग्गज कहा कि यह आक्रामक किशोर बल्लेबाज भारत के साथ-साथ विश्व क्रिकेट में भी बड़ा नाम बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी के करियर को समझदारी से आगे बढ़ाने और परिवार और टीम के मजबूत सहयोग की जरूरत होगी।

प्रसिद्धि और चकाचौंध का नहीं पड़ता है वैभव पर असर

संगाकारा ने 'स्काई स्पोर्ट्स' से बातचीत में कहा,'उन्हें आने वाले समय में क्रिकेट और व्यावसायिक स्तर पर कई अवसर मिलेंगे। इन सबके बीच संतुलन बनाना और उसे मिलने वाला समर्थन बेहद महत्वपूर्ण होगा। लेकिन एक बात तय है कि उसे बल्लेबाजी करना पसंद है। प्रसिद्धि और चकाचौंध का उस पर ज्यादा असर नहीं होता। वह जमीन से जुड़ा और जिज्ञासु स्वभाव का है।'

मानसिक रूप से मजबूत हैं सूर्यवंशी

उन्होंने यह भी बताया कि वैभव केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहता और खेल के बाहर भी उसकी रुचियां हैं। इस पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, 'वह केवल क्रिकेट के बारे में ही नहीं सोचता है। उसके जीवन में अन्य चीजों के लिए भी जगह है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह भारतीय क्रिकेट, विश्व क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बड़ा प्रभाव छोड़ेगा। वह मानसिक रूप से मजबूत है और लोकप्रियता को अच्छी तरह संभाल लेगा।'

लखनऊ के खिलाफ कहकर जड़े छक्के

संगाकारा ने आईपीएल के एक मुकाबले का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए 220 रन का बचाव करना था। उस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले क्षेत्ररक्षण की थी। सूर्यवंशी ने लक्ष्य का पीछा करने से पहले की संकेत दे दिया था कि वह इस मैच को टीम को जितायेंगे। संगकारा ने बताया,'मैदान पर जाने से पहले उसने मेरी तरफ देखा और कहा ,'कोच, चिंता मत कीजिए, यह मैच हम जीत रहे हैं’।'

जो कहा वो कर दिखाया

श्रीलंका के इस पूर्व कप्तान ने कहा,'वह इसके बाद ड्रेसिंग रूम में गया और डोनोवन फरेरा तथा लुआन-ड्रे प्रीटोरियस से बोला,'मैं आज 13 छक्के लगाऊंगा, उसके बाद तुम लोग बचा हुआ काम खत्म करना’। उसने उस मैच में 10 छक्के लगाए। शुरुआत में इन दोनों खिलाड़ियों को लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन जैसे ही वह पांच छक्कों तक पहुंचा, वे इसे गिनने लगे क्योंकि उन्हें एहसास हो गया कि वह वास्तव में यह कर सकता है। महज 15 साल की उम्र में ऐसा आत्मविश्वास दिखाना खास है।'

बेहद कठिन बल्लेबाज हैं सूर्यवंशी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजी कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक ने भी वैभव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे शीर्ष तेज गेंदबाज भी उसे रोकने में संघर्ष करते हैं। कार्तिक ने कहा,'हमने योजना बनाई थी कि यॉर्कर और बाउंसर से उसे रोका जा सकता है, लेकिन गुवाहाटी में कुछ भी काम नहीं आया।'वह बेहद कठिन बल्लेबाज है। इस आईपीएल में मेरे अनुसार वह सबसे मुश्किल बल्लेबाज था। उसका आधार मजबूत है, ऑफ साइड पर वह तेजी से शॉट खेलता है और पावरप्ले में दो फील्डरों के बाहर होने का पूरा फायदा उठाता है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article