क्रिकेट

IND vs WI: कुलदीप ने फाइफर लेकर रचा इतिहास, दिग्गजों की लिस्ट में हुए शामिल

IND vs WI: भारत के स्पिन गेंदबाज के सामने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में घुटने टेक दिए। भारत के 518 रन के जवाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रन पर ढेर हो गई।

Image

कुलदीप यादव (साभार-BCCI)

IND vs WI: कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। इसी के साथ कुलदीप टेस्ट फॉर्मेट में सर्वाधिक बार 5 या इससे अधिक विकेट हासिल करने वाले बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर्स की लिस्ट में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर आम तौर पर परंपरागत बाएं हाथ के फिंगर स्पिनरों की तुलना में अलग होते हैं। उन्हें क्रिकेट टर्म में चाइनामैन गेंदबाज भी कहा जाता है।

कुलदीप यादव ने इस मामले में जॉनी वार्डल की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड के इस स्पिनर ने अपने करियर के 28 टेस्ट मुकाबलों में पांच बार यह कारनामा किया था। कुलदीप यादव महज 15 टेस्ट मुकाबलों में उनकी बराबरी कर चुके हैं। ऐसे में उनके पास भविष्य में जॉनी वार्डल को पछाड़ने का मौका होगा। इस लिस्ट में पॉल एडम्स तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 45 टेस्ट मुकाबलों में चार बार यह कारनामा किया था।

कुलदीप यादव 15 टेस्ट मुकाबलों में अब तक 21.09 की औसत के साथ 65 विकेट हासिल कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू करते हुए कुलदीप ने अपनी पहली ही पारी में 4 विकेट हासिल किए थे।

कुलदीप के अब तक के फाइफर

अक्टूबर 2018 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में पहली पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था। इसके बाद इस चाइनामैन गेंदबाज ने जनवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पारी में 5 विकेट अपने नाम किए। यह मैच सिडनी में खेला गया था। इंग्लैंड के खिलाफ दिसंबर 2022 में कुलदीप यादव ने महज 16 ओवरों में 40 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इसके बाद उन्होंने मार्च 2024 में धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 72 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।

भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले की बात करें, तो अपनी पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित करने के बाद भारत ने वेस्टइंडीज को उसकी पहली पारी में 248 रन पर समेट दिया है। इसी के साथ मेजबान टीम ने पहली पारी के आधार पर 270 रन की बढ़त हासिल कर ली। वेस्टइंडीज की टीम फॉलोऑन खेलने पर मजबूर हुई है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article