क्रिकेट

Ranji Trophy 2025: रणजी ट्रॉफी में ओपनिंग नहीं इस पोजिशन पर खेलेंगे केएल राहुल, कोच ने किया खुलासा

KL Rahul Ranji Trophy Return: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी केएल राहुल रणजी ट्रॉफी 2025 में वापसी करने वाले हैं। वे कर्नाटक के लिए खेलने वाले हैं। हालांकि वे इस मैच में ओपनिंग नहीं करेंगे। केएल राहुल मैच में तीसरे नंबर पर खेलने वाले हैं।

Image

केएल राहुल (फोटो- AP)

KL Rahul Ranji Trophy Return: भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल एक बार फिर लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी करने के लिए तैयार हैं। रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक की ओर से खेलते हुए, राहुल हरियाणा के खिलाफ अंतिम ग्रुप मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे। यह जानकारी कर्नाटक टीम के कोच येर गौड़ ने बुधवार को मैच से पहले दी।

चार साल बाद रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे राहुल

राहुल 2019-20 सीजन के बाद पहली बार रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे। चोट के कारण वह पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे, जबकि रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा जैसे कई भारतीय खिलाड़ी बीसीसीआई के निर्देशानुसार घरेलू क्रिकेट में लौट चुके हैं।

कर्नाटक को मिलेगी मजबूती

राहुल की वापसी से कर्नाटक टीम को बड़ा फायदा होगा, क्योंकि वे रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके साथ ही तेज गेंदबाज विद्वत कावेरेप्पा भी टीम में लौट रहे हैं, जो चोट के कारण कुछ समय से बाहर थे।

कोच येर गौड़ का बयान

गौड़ ने कहा कि "राहुल का अनुभव टीम के लिए बेहद फायदेमंद रहेगा। वह हर विभाग में टीम को मजबूती देंगे। पिच और परिस्थितियों को देखते हुए हम बैटिंग ऑर्डर पर फैसला लेंगे, लेकिन राहुल के नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने की संभावना अधिक है।"

नेट्स में किया अभ्यास

मैच से पहले राहुल ने बेंगलुरु में 40 मिनट तक नेट्स में अभ्यास किया। उन्होंने कई आकर्षक शॉट खेले और सहज नजर आए।

टेस्ट टीम में जगह पक्की करने की कोशिश

राहुल पिछले कुछ समय से भारतीय टेस्ट टीम में स्थायी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल टेस्ट सीरीज में वह मिडिल ऑर्डर में चुने गए थे, लेकिन रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में उन्हें ओपनिंग करनी पड़ी। हालांकि, उन्होंने पहले टेस्ट में शानदार शुरुआत की थी, लेकिन पूरी सीरीज में 5 टेस्ट मैचों में 276 रन ही बना सके।अब घरेलू क्रिकेट में वापसी के साथ ही राहुल के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा। इसके बाद वह चैंपियंस ट्रॉफी और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article