क्रिकेट

IND vs NZ: पहले वनडे में केएल राहुल से पीछे छूट कोहली, अब निशाने पर धोनी का रिकॉर्ड

भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार रहते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में भी राहुल ने 29 रन की अहम पारी खेली। राहुल ने छक्का मारकर टीम को जीत दिलाई और इसके साथ ही एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

KL Rahul

केएल राहुल (साभार-BCCI)

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की नींव जरूर विराट कोहली और श्रेयस अय़्यर की पारी ने रखी, लेकिन इसे जीत तक पहुंचाया विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने जिन्होंने मुश्किल परिस्थिति में 21 गेंद में नाबाद 29 रन की पारी खेली। धीमी शुरुआत करने वाले राहुल ने टीम इंडिया को छक्का मारकर जीत दिलाई और यहीं उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। आप कहेंगे कि एक छक्का मारकर कैसे कोई विराट को पीछे छोड़ सकता है?

दरअसल यह छठा मौका था जब केएल राहुल ने छक्का मारकर जीत दिलाई हो। केएल राहुल ने भारतीय पारी के 49वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क की आखिरी 3 गेंदों पर 4, 4, और 6 रन लगाते हुए भारतीय टीम को जीत दिलायी। इसके साथ ही वनडे में छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाने के मामले में राहुल ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा। वनडे फॉर्मेट के किंग माने जाने वाले कोहली ने अपने करियर में 5 बार अब तक ऐसा किया था।

भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। केएल राहुल ने छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलायी। छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाने के मामले में राहुल ने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। अब राहुल के निशाने पर एमएस धोनी का रिकॉर्ड है जिन्होंने सबसे ज्यादा बार यह कारनामा किया।

धोनी के नाम है यह रिकॉर्ड

छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाना एक स्वैग है और इस मामले में एमएस धोनी का कोई जवाब नहीं है। वनडे क्रिकेट में छक्का लगाकर अब तक सबसे ज्यादा बार भारतीय टीम को जीत दिलाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान एमएस धोनी के नाम है। धोनी ने अपने करियर में 9 बार ऐसा किया है। राहुल के पास धोनी का भी रिकॉर्ड तोड़ने का समय है। देखना होगा कि वह ऐसा कर पाने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं।

मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेरिल मिचेल के 84, हेनरी निकोल्स के 62, और डेवोन कोनवे के 56 रन की मदद से 8 विकेट पर 300 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने विराट कोहली के 93, शुभमन गिल के 56, और श्रेयस अय्यर के 49 रन की पारी की बदौलत 49 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीता था। विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article