क्रिकेट

IPL 2025, KKR New Captain: केकेआर के इस खिलाड़ी ने भरी हुंकार, बोले- मौका मिला तो अगुआई करने के लिए तैयार

IPL 2025, KKR New Captain: चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के बाद आईपीएल के नए सीजन का रोमांच शुरू होगा। फटाफट क्रिकेट के रोमांच से पहले केकेआर के इस खिलाड़ी ने कप्तानी को लेकर हुंकार भर दी है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें आईपीएल 2025 में मौका मिला तो वह केकेआर की अगुआई करने के लिए तैयार हैं।

Image

केकेआर टीम के खिलाड़ी। (Source: KKR)

IPL 2025, KKR New Captain: ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर का कहना है कि अगर उन्हें आईपीएल 2025 में मौका मिला तो वह कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की अगुआई करने के लिए तैयार हैं। वेंकटेश को हालांकि प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में किसी भी स्तर पर कप्तानी का कोई अनुभव नहीं है। डिफेंडिंग चैंपियन केकेआर ने अभी तक अपने कप्तान की घोषणा नहीं की है। टीम इस सत्र के शुरुआती मैच में ईडन गार्डन्स में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से भिड़ेगी।

केकेआर ने पिछले सत्र मे श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खिताब जीता था लेकिन उन्हें बड़ी नीलामी में पंजाब किंग्स ने खरीद लिया और बाद में अपना कप्तान बना दिया। वेंकटेश ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से कहा, ‘‘निश्चित रूप से, मैं तैयार हूं। मैंने हमेशा यह कहा है कि कप्तानी सिर्फ एक ठप्पा है। मैं नेतृत्व में विश्वास करता हूं। एक नेतृत्वकर्ता होने के नाते यह एक बड़ी भूमिका है।’

उन्होंने कहा, ‘‘इस बारे में कोई अस्पष्टता नहीं है। अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं निश्चित रूप से इसे करूंगा। ऐसा नहीं करने का कोई कारण नहीं है।’’

वेंकटेश ने कहा कि कप्तान को अच्छा आदर्श बनकर उदाहरण स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘आपको अपने ड्रेसिंग रूम में नेतृत्वकर्ता बनने के लिए कप्तान के ठप्पे की आवश्यकता नहीं है। आपको उदाहरण स्थापित करने की आवश्यकता है। आपको मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह एक अच्छा आदर्श बनने की जरूरत है जो मैं अभी मध्य प्रदेश में कर रहा हूं।’

वेंकटेश ने कहा, ‘मैं मध्य प्रदेश टीम का कप्तान नहीं हूं लेकिन मेरी राय का सम्मान किया जाता है और मुझे ऐसे माहौल में रहना पसंद है जहां हर व्यक्ति - नया या अनुभवी, 20 लाख रुपये, 20 करोड़ रुपये, जो भी हो - आपको बस अपनी राय व्यक्त करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।’उन्होंने कहा, ‘आपको बस राय देने और सुझाव देने की स्वतंत्रता होनी चाहिए और उन्हें सही भावना से लिया जाना चाहिए।’

वर्ष 2021 में केकेआर में शामिल हुए वेंकटेश को पिछले साल की नीलामी से पहले टीम ने छोड़ दिया था लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के साथ नीलामी में कड़ी टक्कर के बाद 23.75 करोड़ रुपये में वापस खरीद लिया गया। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने 51 आईपीएल मैच में 1,326 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने सभी आईपीएल मैच नाइट राइडर्स के लिए खेले हैं।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article