क्रिकेट

पैर में फ्रैक्चर के बावजूद खेल रहे वरुण चक्रवर्ती, शेन वॉटसन ने की दिल खोलकर तारीफ

केकेआर के सहायक कोच शेन वॉटसन ने बांए हाथ के मिस्ट्री स्पिनर भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के जज्बे की जमकर तारीफ की है। जो बांए पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर के बावजूद मुंबई इंडियन्स के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान में उतरे।

Image

वरुण चक्रवर्ती (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सहायक कोच शेन वॉटसन ने भारत के ’मिस्ट्री’ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की तारीफ की जो अपने बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार खेल रहे हैं। वॉटसन ने कहा कि चक्रवर्ती आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए केकेआर की मुहिम योगदान देने के लिए बेताब हैं।

आरसीबी के खिलाफ मुकाबले के दौरान लगी थी चोट

चक्रवर्ती को आठ मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर के मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोट लगी थी। इस कारण वह 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अगला मैच नहीं खेल पाए थे जिसके बाद मुख्य कोच अभिषेक नायर ने उनके फ्रैक्चर की पुष्टि की थी। लेकिन आरसीबी से हार के बाद केकेआर को बाकी मैच जीतने की जरूरत थी इसलिए चक्रवर्ती पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार मैचों में खेलने के लिए वापस आ गए।

दर्द के साथ खेल रहे हैं चक्रवर्ती

वॉटसन ने बुधवार को यहां मुंबई इंडियंस पर मिली चार विकेट की जीत के बाद कहा, 'मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह इस समय रिहैब के किस दौर में हैं। मुझे बस इतना पता है कि वह इस समय थोड़े दर्द के साथ खेल रहे हैं, जिससे पता चलता है कि वह कितने बहादुर हैं, वह केकेआर के लिए योगदान देने के लिए कितने आतुर हैं और वह अभी भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं।'

खराब शुरुआत के बाद वरुण ने की है वापसी

मार्च में टी20 विश्व कप जीतने के बाद से भारत की टी20 स्पिन गेंदबाजी के मुख्य खिलाड़ी चक्रवर्ती का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। अपने पहले तीन आईपीएल मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 105 रन लुटा दिए। इस खराब प्रदर्शन ने केकेआर के अभियान को शुरुआत में ही काफी नुकसान पहुंचाया। लेकिन टूर्नामेंट के आखिरी दौर में चक्रवर्ती ने अपनी लय वापस पा ली। फिर उन्होंने चार मैचों में 10 विकेट लेकर टीम की वापसी में अहम भूमिका निभाई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article