क्रिकेट

टीम इंडिया में जल्द होगी IPL के एक और खिलाड़ी की एंट्री, KKR के प्लेयर को इंडिया-ए टीम में मिली जगह

India-A Squad: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी बड़ी खुशखबरी आई है। गुरुवार रात ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर केकेआर ने प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं। इसी जीत के बाद टीम के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को पहली बार इंडिया 'ए' टीम में चुन लिया गया।

Image

अनुकूल रॉय (BCCI)

India-A Squad: भारत की 'ए' टीम जल्द ही श्रीलंका दौरे पर रवाना होगी, जहां मेजबान श्रीलंका 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' के साथ त्रिकोणीय वनडे सीरीज खेली जाएगी। यह ट्राई-सीरीज 9 जून से 21 जून 2026 तक दांबुला में आयोजित होगी। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहले ही इस स्क्वाड में जगह मिल चुकी है। इस बीच आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी बड़ी खुशखबरी आई है। गुरुवार रात ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर केकेआर ने प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं। इसी जीत के बाद टीम के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को पहली बार इंडिया 'ए' टीम में चुन लिया गया। बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने अनुकूल को सनराइजर्स हैदराबाद के बाएं हाथ के स्पिन-ऑलराउंडर हर्ष दुबे की जगह टीम में शामिल किया है।

हर्ष दुबे की जगह चुने गए अनुकूल रॉय

दरअसल, हर्ष दुबे को अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारत की मुख्य टेस्ट और वनडे टीम में पहली बार बुलावा मिला है। इसी वजह से वह श्रीलंका दौरे पर नहीं जा पाएंगे। बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली ट्राई-सीरीज के लिए अनुकूल रॉय को इंडिया 'ए' टीम में शामिल किया है। वह हर्ष दुबे की जगह लेंगे, जिन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे टीम में पहली बार चुना गया है।"27 साल के झारखंड के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय लेफ्ट-आर्म स्पिन के साथ-साथ निचले क्रम में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। फील्डिंग में भी उनका कोई सानी नहीं है। मुंबई इंडियंस के दिनों में टीम उन्हें सिर्फ बेहतरीन फील्डिंग के दम पर प्लेइंग-11 में मौका देती थी। आईपीएल 2026 से पहले केकेआर ने उन्हें 40 लाख रुपये में रिटेन किया था। अनुकूल ने फ्रेंचाइजी के भरोसे को सही साबित करते हुए इस सीजन 8 मैचों में 8 विकेट लिए हैं और 43 रन भी बनाए हैं।

कैसा है अनुकूल रॉय का टी20 रिकॉर्ड

ओवरऑल टी20 करियर की बात करें तो अनुकूल ने 83 मैचों में 27.7 की औसत से 64 विकेट झटके हैं। बल्ले से उन्होंने 152.43 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1003 रन बनाए हैं। इस ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया 'ए' की कमान तिलक वर्मा संभालेंगे, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है। अनुकूल रॉय के आने से टीम को एक अनुभवी स्पिन-ऑलराउंडर का विकल्प मिला है, जिससे टीम का संतुलन और मजबूत हुआ है।

श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया 'ए' का अपडेटेड स्क्वाड:

तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सुर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article