क्रिकेट

IND vs ENG: फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली का इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ने किया बचाव

फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली और रोहित शर्मा का इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के आगाज से पहले केविन पीटरसन ने बचाव किया है।

Image

विराट कोहली और रोहित शर्मा

Photo : AP

मुंबई: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने मंगलवार को कहा कि खराब फॉर्म में चल रहे दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा बहुत अधिक सहानुभूति के पात्र हैं क्योंकि वे ‘रोबोट’ नहीं हैं और किसी को यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने अपने अच्छे दिनों में हमें किस तरह की खुशी प्रदान की है। कोहली और रोहित दोनों ही खराब लय से जूझ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में भारत की 1-3 से हार के बाद दोनों से संन्यास की मांग तेज हो गई है।

अधिक सम्मान के हकदार हैं विराट और रोहित

पीटरसन से यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा,'यह अनुचित है। जिस खिलाड़ी ने इतने रन बनाये हैं उससे आप ऐसा कैसे कह सकते हैं कि उन्हें संन्यास ले लेना चाहिए? हां, इस पर चर्चा हो सकती है लेकिन मैं समझता हूं वे इससे अधिक सम्मान के हकदार हैं।' पीटरसन का ब्रिटिश मीडिया के साथ रिश्ता भी उतार-चढ़ाव भरा था और वह जानते हैं कि दोनों सितारे कैसा महसूस कर रहे होंगे। उन्होंने कहा,'मेरे करियर में बिल्कुल वैसी ही चुनौतियां थीं, ऐसा होता है। रोहित और विराट रोबोट नहीं हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि वे लगातार शतक बनाये। ऑस्ट्रेलिया दौरा खराब होने से क्या वे खराब खिलाड़ी बन गये है? नहीं, बिल्कुल नहीं।'

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले दोनों के लिए है आखिरी सीरीज

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का आगाज 6 फरवरी को नागुपर में हो रहा है। सीरीज के बाकी दो मुकाबले कटक और अहमदाबाद में 9 और 12 फरवरी को खेले जाएंगे। दोनों टीमों के लिए पाकिस्तान की मेजबानी में खेली जाने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपनी तैयारियों को परखने का यह आखिरी मौका है। ऐसे में टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज अपने सबसे चहेते फॉर्मेट में फॉर्म में लौटने की पुरजोर कोशिश करेंगे।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article