क्रिकेट

IPL 2026: एम चिन्नास्वामी में ही होगा आईपीएल का उद्घाटन मैच, 11 लोगों की मौत के बाद छाए थे संकट के बादल

IPL 2026: आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसका उद्घाटन मैच मौजूदा चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। IPL का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।

Image

एम चिन्नास्वामी (फोटो क्रेडिट- @kscaofficial1)

IPL 2026: कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी। इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी। आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

कर्नाटक सरकार ने दी औपचारिक मंजूरी

इस मैच से पहले आईपीएल का उद्घाटन समारोह अभी इसी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति तथा केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी। केएससीए के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, ’’बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और उपायों के संबंध में रिपोर्ट पेश की। समिति की सिफारिश के आधार पर गृहमंत्री ने स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है।’’

भगदड़ में हुई थी 11 लोगों की मौत

आरसीबी ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा। केएससीए ने विशेषज्ञ समिति के सदस्यों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। पिछले साल चार जून को आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत का जश्न मनाने के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई थी जिसमें 11 लोग मारे गए थे और 30 से अधिक घायल हो गए थे। इसके बाद भीड़ प्रबंधन को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने कड़ा रवैया अपनाते हुए सुरक्षा उपायों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं किए जाने तक स्टेडियम में दर्शकों की उपस्थिति वाली खेल प्रतियोगिताओं पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया था।

इनपुट- भाषा

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article