Jemimah Rodrigues WBBL: भारतीय महिला क्रिकेटर जेमिमा रोड्रिग्स ने अपनी साथी खिलाड़ी और करीबी दोस्त स्मृति मंधाना को कठिन समय में भावनात्मक सहारा देने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। रोड्रिग्स ने ऑस्ट्रेलिया में चल रही वीमेंस बिग बैश लीग (WBBL) के शेष मैचों को छोड़कर भारत में ही रुकने का निर्णय लिया है। उनकी फ्रेंचाइजी, ब्रिस्बेन हीट, ने भी जेमिमा को टूर्नामेंट के बाकी सीजन से रिलीज करने के उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
मंधाना की शादी टलने के बाद लिया फैसला
जेमिमा रोड्रिग्स 10 दिन पहले होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ हीट का मैच खेलने के बाद भारत लौट आई थीं, ताकि वह पिछले सप्ताह अपनी साधी स्मृति मंधाना की शादी समारोह में शामिल हो सकें। हालांकि, यह उत्सव अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया था। दरअसल मंधाना की शादी 23 नवंबर को संगीतकार पलाश मुच्छल से होनी थी, लेकिन उनके पिता, श्रीनिवास मंधाना, को दिल के दौरे के लक्षणों के कारण सांगली के सर्वहित अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके चलते शादी टाल दी गई।
अब, इस मुश्किल समय में रोड्रिग्स अपनी दोस्त और उनकी टीममेट का समर्थन करने के लिए भारत में ही रुकेंगी और ब्रिस्बेन हीट ने उन्हें WBBL सीजन के अंतिम चार मैचों में वापस न आने की अनुमति दे दी है।
ब्रिस्बेन हीट ने किया जेमिमा के फैसले का सम्मान
ब्रिस्बेन हीट की सीईओ टेरी स्वेंसन ने इस फैसले को जेमिमा के हित को ध्यान में रखते हुए लिया। उन्होंने एक बयान में कहा, "यह जाहिर तौर पर जेमी के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय रहा है, इसलिए जबकि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह WBBL में आगे भाग नहीं लेंगी, हम भारत में रहने के उनके अनुरोध पर सहमत होने के लिए तैयार थे।"
उन्होंने आगे कहा, "हीट क्लब जाहिर तौर पर उन्हें और स्मृति मंधाना के परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है।" स्वेंसन ने बताया कि जेमिमा ने भी वापस न आने पर निराशा व्यक्त की है और क्लब तथा प्रशंसकों के प्रति समझ दिखाने के लिए आभार व्यक्त किया है। जेमिमा ने इस सीजन में हीट के लिए केवल तीन मैच खेले थे, जिसके बाद वह मंधाना के शादी समारोह में शामिल होने के लिए भारत लौटी थीं।
