लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबला जसप्रीत बुमराह के लिए यादगार बन गया। इस मुकाबले में उन्होंने न केवल मुंबई इंडियंस के सबसे सफल गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया, बल्कि शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में सबसे अहम रोल भी निभाया। बुमराह ने 4 ओवर के अपने स्पेल में केवल 28 रन खर्चे और लखनऊ के 4 अहम खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उनके इस खतरनाक गेंदबाजी के चलते लखनऊ की टीम 161 रन पर ढेर हो गई और मुंबई इंडियंस ने 54 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह जीत मुंबई इंडियंस के लिए न केवल लगातार 5वीं जीत बनी बल्कि प्लेऑफ में उनकी जगह को भी कुछ हद तक सुनिश्चित कर दिया। बुमराह के इस बेहतरीन स्पेल का गवाह वानखेड़े में उनकी पत्नी संजना गणेशन और बेटा अंगद भी बने, लेकिन कुछ ऐसा हुआ जिसने इस खुशी के लम्हें पर ग्रहण लगा दिया।
दरअसल बुमराह के इस स्पेल के बाद सोशल मीडिया पर पत्नी संजना और उनके बेटे अंगद की फोटो ट्रोलर्स ने शेयर की और अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी।

संजना गणेशन इंस्टाग्राम स्टोरी
इसके बाद संजना गणेशन भड़क उठीं और उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ट्रोलर्स को आड़े हाथों लेते हुए करारा जवाब दिया।
संजना ने अपने पोस्ट में ट्रोलर्स को कड़े शब्दों में लिखा 'हमारा बेटा आपके मनोरंजन का विषय नहीं है। जसप्रीत और मैं सोशल मीडिया से अंगद को दूर रखने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं, क्योंकि इंटरनेट एक घृणित और खराब जगह है। मैं पूरी तरह से समझती हूं कि कैमरों से भरे क्रिकेट स्टेडियम में बच्चे को लाने के क्या परिणाम हो सकते हैं, लेकिन कृपया समझें कि अंगद और मैं वहां जसप्रीत का समर्थन करने के लिए थे और कुछ नहीं। वह केवल 1.5 साल के हैं और उन्हें इन सब चीजों से बख्स दें।
संजना ने ऐसा पहली बार नहीं किया है, बल्कि एअरपोर्ट पर भी कई बार देखा गया है कि वह अपने बच्चों को पैपराजी से बचाते हुए दिखे हैं। बुमराह के अलावा विराट कोहली भी अपने बच्चों को इन सब चीजों से दूर रखना चाहते हैं। बतौर फैंस हमें भी उनकी निजता और प्राथमिकता का सम्मान करना चाहिए।
