क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप के बाद क्या है जसप्रीत बुमराह का अगला टारगेट, टीम इंडिया ने बनाया मास्टर प्लान

टी20 वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद सभी भारतीय खिलाड़ी कुछ दिन की छुट्टी के बाद आईपीएल की तैयारी में लग जाएंगे। कप्तान सूर्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे। हालांकि, जसप्रीत बुमराह का अगला टारगेट कुछ और है। वह अगले 18 महीनों में टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बजाय 50 ओवर के अधिक मैच खेलने की कोशिश करेंगे।

Image

जसप्रीत बुमराह का अगला टारगेट।

नई दिल्ली। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अगले 18 महीनों में टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बजाय 50 ओवर के अधिक मैच खेलने की कोशिश करेंगे। भारत को अगले साल अक्टूबर-नवंबर तक टी20I सीरीज के अलावा जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेना है। एशियाई खेलों में सूर्यकुमार यादव के भारतीय टीम की अगुवाई करने की संभावना है।

ऐसा समझा जाता है कि बुमराह कई अन्य अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों की तरह 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं। इसका आयोजन टी20 प्रारूप में होगा। वह हालांकि 2027 विश्व कप तक वनडे प्रारूप को प्राथमिकता देंगे। भारत की विश्व कप तैयारियों की असली शुरुआत दो महीने लंबे और बेहद व्यस्त इंडियन प्रीमियर लीग के बाद होगी, जिसमें बुमराह मुंबई इंडियंस के तेज आक्रमण की अगुवाई करते नजर आएंगे।

वनडे वर्ल्ड कप के बाद से नहीं खेला है वनडे मैच

आईपीएल के समाप्त होने तक राष्ट्रीय चयन समिति, भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उत्कृष्टता केंद्र (जिसके प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण हैं) और टीम प्रबंधन (जिसका प्रतिनिधित्व गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल कर रहे हैं) अगले चरण की रणनीति का खाका तैयार करेंगे। इस योजना का सबसे अहम पहलू बुमराह के वर्कलोड (मैचों का चयन) का प्रबंधन होगा। यह समझा जाता है कि आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मुकाबलों को चुनने की आजादी इस 32 वर्षीय गेंदबाज को नहीं मिलेगी। माना जा रहा है कि उनका खेल का प्रबंधन काफी हद तक 2023-2026 के दौर जैसा हो सकता है, जब उन्होंने एक भी एकदिवसीय मैच नहीं खेला था।

वनडे मैच पर रहेगा अब ध्यान

बुमराह 19 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पिछले वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से कुल 42 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिनमें 21 टेस्ट और 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय शामिल हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर 'पीटीआई' से कहा, 'भारत के किसी भी वैश्विक अभियान में बुमराह की फिटनेस हमेशा की तरह सबसे अहम रहती है। इसलिए टीम प्रबंधन को प्रारूपों को प्राथमिकता देते हुए बेहद सावधानी बरतनी होगी। वह निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, लेकिन सीमित ओवरों में 50 ओवर के विश्व कप चक्र में उनका ध्यान ज्यादा एकदिवसीय मैचों पर रहेगा।'

जोखिम नहीं लेना चाहता है बीसीसीआई

उन्होंने कहा, 'इस दौरान करीब 30-35 मैच होंगे और ऐसे में जोखिम नहीं लिया जा सकता।' भारत के पास एकदिवसीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजों का बहुत बड़ा पूल नहीं है, लेकिन समझा जाता है कि मुख्य समूह में बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और फिट होने पर हर्षित राणा शामिल रहेंगे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article