स्पोर्ट्स

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के चुनावों की सामने आई तारीख, विशेष आमसभा बैठक में हुआ फैसला

कोलकाता में आयोजित विशेष आमसभा बैठक के बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के नए पदाधिकारियों के निर्वाचन के लिए आयोजित होने वाले चुनाव की तारीख का ऐलान रविवार को हो गया।

Image

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (फोटो क्रेडिट AIFF)

कोलकाता: अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने रविवार को अपने बहुप्रतीक्षित चुनाव 20 दिसंबर को कराने का फैसला किया जिसके साथ ही नये पदाधिकारियों और कार्यकारी समिति के चुनाव को लेकर लंबे समय से बनी अनिश्चितता खत्म हो गई। राष्ट्रीय महासंघ की यहां हुई विशेष आमसभा बैठक (एसजीबीएम) में यह निर्णय लिया गया। बैठक में एआईएफएफ की कार्यकारी समिति के सदस्यों, संबद्ध राज्य संघों के प्रतिनिधियों के अलावा फीफा और एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) के अधिकारी भी मौजूद रहे।

हरियाणा के पूर्व सीईओ बने चुनाव अधिकारी

महासभा ने हरियाणा के पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त राजीव शर्मा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया। वह चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और उसके संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि एआईएफएफ के मौजूदा कार्यकारी समिति का कार्यकाल 30 दिसंबर तक या नयी निर्वाचित कार्यकारी समिति के पदभार संभालने तक जारी रहेगा। उसी के साथ मौजूदा समिति का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।

अनिश्चितता के दौर में हो रहे हैं चुनाव

एआईएफएफ के चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब महासंघ के भीतर शासन व्यवस्था को लेकर अनिश्चितता का दौर रहा है। महासंघ अपने प्रशासनिक ढांचे को संविधान के अनुरूप बनाने के साथ-साथ वैश्विक और महाद्वीपीय फुटबॉल संस्थाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने की दिशा में काम कर रहा है। इन चुनावों से भारतीय फुटबॉल के लिए अहम समय में एआईएफएफ के अगले कार्यकाल का नेतृत्व तय होगा। महासंघ राष्ट्रीय टीमों के अलावा घरेलू प्रतियोगिताओं और फुटबॉल विकास कार्यक्रमों की देखरेख करता है।

सितंबर 2022 में हुए थे पिछली बार चुनाव

रविवार की बैठक में फीफा और एएफसी अधिकारियों की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं एआईएफएफ की शासन व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया पर करीबी नजर रखती रही हैं। एआईएफएफ के पिछले चुनाव सितंबर 2022 में हुए थे। उस समय कल्याण चौबे अध्यक्ष चुने गए थे, जबकि कर्नाटक के एनए हारिस वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने थे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article