Delhi News: दिल्ली के रानीबाग इलाके में पंजाब एंड सिंध बैंक के ATM को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने गैस वेल्डिंग मशीन की मदद से ATM को काटा और उसके अंदर रखी नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान आरोपियों ने इस बात का भी ध्यान रखा कि उनकी तस्वीर CCTV कैमरों में कैद न हो। इसके लिए उन्होंने ATM के अंदर लगे कैमरों की दिशा बदल दी थी।
शटर का लॉक तोड़ा, गैस वेल्डिंग मशीन से ATM काटा
जानकारी के मुताबिक, आरोपी काले रंग की कार से रानीबाग स्थित बैंक के ATM के पास पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने पहले ATM के ग्रीन शटर का लॉक तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। अंदर जाने के तुरंत बाद उन्होंने ऊपर लगे CCTV कैमरे को नीचे की ओर मोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने अपने साथ लाई गई गैस वेल्डिंग मशीन का इस्तेमाल कर ATM मशीन को काटना शुरू किया।
कैश ट्रे से पैसे निकालकर फरार हुए चोर
बताया जा रहा है कि मशीन को काटने के बाद बदमाशों ने कैश रखने वाली ट्रे बाहर निकाली और उसमें मौजूद पूरी रकम लेकर मौके से निकल गए। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने ATM का शटर दोबारा बंद कर दिया, जिससे पहली नजर में वहां सब कुछ सामान्य नजर आए। इसके बाद आरोपी अपनी कार से फरार हो गए।
हैदराबाद कंट्रोल रूम से मिली पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि ATM में लगे सुरक्षा अलार्म के सक्रिय होने के बाद इस घटना की जानकारी हैदराबाद स्थित बैंक के सेंट्रल कंट्रोल रूम को मिली। कंट्रोल रूम ने तत्काल रानीबाग थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाली जा रही
आसपास के CCTV कैमरों के अलावा उन रास्तों की भी फुटेज खंगाली जा रही है, जिनसे आरोपी वारदात के बाद फरार हुए। पुलिस काली कार के नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
