क्रिकेट

ये पल ...जिंबाब्वे के खिलाफ प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने पर क्या बोले वैभव सूर्यवंशी?

जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में जीत के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। जानिए इस रिकॉर्डतोड़ दोहरी उपलब्धि हासिल करने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने क्या कहा?

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट BCCI X)

हरारे: 'प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज' चुने जाने के बाद भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इसे अपने लिए ’सपना सच होने जैसा’ पल बताया और टीम प्रबंधन का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन्हें हमेशा अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में तीन पारियों में 151 रन बनाए और 50.33 की औसत से रन जुटाए।

शानदार रहा सीरीज में वैभव का प्रदर्शन

पहले टी20 मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मात्र 19 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा था जबकि तीसरे मैच में उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 81 रन बनाए और भारत को जिम्बाब्वे पर 3-0 से क्लीन स्वीप दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में सूर्यवंशी ने कहा,'मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। पहला ’प्लेयर ऑफ द मैच’ और ’प्लेयर ऑफ द सीरीज’ पुरस्कार मिला है। यहां मेरी तैयारी भी काफी अच्छी रही।

कोच और कप्तान ने दिया पूरा साथ

सूर्यवंशी ने आगे कहा,'कोच, कप्तान और पूरी टीम ने मेरा पूरा साथ दिया। मैंने अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने की कोशिश की। मेरा प्रयास टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का रहता है और अगर शुरुआत अच्छी मिले तो बड़ी पारी खेलने की कोशिश करता हूं। मैं यहां अंडर-19 विश्व कप भी खेल चुका हूं और मुझे यहां बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है। अभ्यास में जो करता हूं, वही मैच में दोहराने की कोशिश करता हूं।'

सबसे युवा प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले प्लेयर

वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए है। सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का उन्होंने शाहिद अफरीदी का 30 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। 1996 में अफरीदी ने 16 साल 215 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ नैरोबी में 37 गेंद में वनडे शतक जड़कर ये उपलब्धि हासिल की थी। लेकिन वैभव ने 15 साल 121 दिन की उम्र में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article