हरारे: टीम इंडिया की युवा सनसनी और आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 49 गेंद में 81 रन की आतिशी पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बना सकी। इसके साथ ही भारत ने 35 रन के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके साथ ही उनके नाम दो वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गए।
तोड़ा शाहिद अफरीदी का 30 साल पुराना रिकॉर्ड
वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड जीतने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि 15 साल 121 दिन की उम्र में हासिल की। प्लेयर ऑफ द मैच के मामले में उन्होंने साल 1996 में शाहिद अफरीदा का बनाया रिकॉर्ड तोड़ा। अफरीदी ने 16 साल 215 दिन की उम्र में 37 गेंद में शतक जड़कर इतिहास रचा था। उसी मैच में वो प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उनका 30 साल पुराना रिकॉर्ड वैभव ने तोड़ दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगाई गोल्ड मेडल की हैट्रिक
सबसे युवा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड जीतने वाले प्लेयर
वैभव ने 15 साल 121 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने गए हैं। वैभव सूर्यवंशी ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में खेले 3 मैच की 3 पारी में 50.33 के औसत और 196.10 के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 151 रन बनाए। उन्होंने सीरीज में 2 अर्धशतक जड़े। तीसरे मुकाबले में बनाए 81 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। सीरीज में उन्होंने 15 चौके और सबसे ज्यादा 9 छक्के भी जड़े।
