स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में धमाकेदार जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम इंडिया के क्वालीफाई होने के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। वहीं, इरफान पठान ने भी आमिर को आड़े हाथों लिया है।
रविवार, 1 मार्च को भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। दरअसल, आमिर ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा और मैच से पहले भी वे अपने इस अनुमान पर अडिग थे कि भारत वेस्टइंडीज से हार जाएगा।
संजू ने गलत साबित की भविष्वाणी
हालांकि, संजू सैमसन की 50 गेंद पर शानदार नाबाद 97 रनों की पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल फाइनल में जगह बनाई। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत में ही कुछ विकेट गंवा दिए, लेकिन सैमसन हीरो बनकर उभरे और भारत को सेमीफाइनल तक पहुंचाया।
आमिर को लिया आड़े हाथ
भारत की जीत के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने आमिर की भविष्यवाणी को गलत साबित कर दिया। जियो न्यूज के 'हारना मना है' शो में हुई चर्चा के दौरान आमिर से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर पाएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि पाकिस्तान आगे बढ़ता है या नहीं; भारत ऐसा नहीं कर पाएगा।
इरफान पठान ने जड़ा करारा तमाचा
आमिर ने सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की हार की भविष्यवाणी की थी और हालांकि, उनके सह-पैनलिस्टों ने मजाक में उन्हें 'ज्योतिषी' कहा था, लेकिन भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए उनकी भविष्यवाणी पूरी तरह गलत साबित हुई। इसके बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने आमिर को लपेटे में लिया। इरफान पठान ने पाकिस्तानी ट्रोल्स को जवाब देते हुए सोशल मीडिया लिखा, 'पड़ोसी के जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि।'
पांच विकेट से दर्ज की जीत
65 हजार से अधिक दर्शकों से खचाखच भरे ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का चुनौती पूर्ण टारगेट सेट किया। हालांकि, संजू सैमसन ने सारी महफिल लूट ली। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाकर मैच जीत लिया।
