SRH vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सनराइजर्स हैदराबाद को कम स्कोर पर रोककर सात विकेट की जीत का श्रेय अपनी गेंदबाजी इकाई को दिया। उन्होंने पिछले कुछ मैच में अपने गेंदबाजों के निरंतर प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। वरुण चक्रवर्ती (36 रन देकर तीन विकेट) और सुनील नारायण (31 रन देकर दो विकेट) ने सनराइजर्स हैदराबाद को 19 ओवर में 165 रन पर ऑल आउट करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद केकेआर ने 10 गेंद रहते लक्ष्य का पीछा कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
स्पिनरों ने किया शानदार काम
रहाणे ने मैच के बाद कहा, 'अच्छा मैच रहा। जिस तरह से हमने गेंदबाजी में वापसी की, वह शानदार था। ऐसा लग रहा था कि वे 190-200 रन बना लेंगे। उस लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल होता। लेकिन इसका श्रेय हमारी गेंदबाजी इकाई, विशेषकर स्पिनरों को जाता है।वे लगातार विकेट लेते रहे।' उन्होंने कहा, 'हमारी गेंदबाजी इकाई पिछले पांच छह मैचों में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसका श्रेय हमारे गेंदबाजी कोच (ड्वेन) ब्रावो और (टिम) साउदी को जाता है। कभी-कभी रन पड़ जाते हैं, लेकिन जब तक आप मानसिक रूप से स्पष्ट रहते है तब तक सब ठीक रहता है। यह जीत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण थी।' चक्रवर्ती के लिए यह लगातार चौथा मैच था जिसमें उन्होंने कम से कम दो विकेट लिए और उन्हें ’प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
रहाणे ने की वरुण चक्रवर्ती की तारीफ
रहाणे ने कहा, ’’उसके लिए बहुत खुश हूं। वह हमेशा आत्मविश्वास से भरा रहता है। वह बहुत कड़ी मेहनत करता है।’’ वहीं मैच में हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि उनके बल्लेबाज अच्छी शुरुआत के बाद हालात के हिसाब से खुद को ढाल नहीं पाए और आखिर में उनका स्कोर उम्मीद से कम रहा। कमिंस ने कहा, 'यह हमारा सबसे अच्छा दिन नहीं था। हमारी शुरुआत काफी अच्छी रही, लेकिन उसके बाद हम लय में नहीं थे। शायद हमने 200 और फिर 180 रन बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। आपको बस हालात के हिसाब से खुद को ढालना होता है।' उन्होंने कहा, 'शुरुआती 8-10 ओवर बहुत बढ़िया रहे, लेकिन उन्होंने सही समय पर सही गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और अंतिम 10 ओवर हमारे लिए अच्छे नहीं रहे। शायद हमें 180 रन बनाने का ही लक्ष्य रखना चाहिए था।' कमिंस ने कहा, 'जीत-हार का अंतर बहुत कम था, हमने कुछ अच्छी चीज़ें भी कीं और आखिर तक संघर्ष किया। शायद मेरे ओवर में 27 रन बनना ही हार-जीत का अंतर साबित हुआ, लेकिन हमारे पास भी कुछ अच्छे मौके आए थे जो आखिर में हमारे पक्ष में नहीं रहे।'
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
