क्रिकेट

CSK vs RCB, IPL 2025: चेन्नई के खिलाफ उसरे घर पर 17 साल से चल रहे जीत के सूखे को खत्म करने उतरेगी आरसीबी

CSK vs RCB Match: आईपीएल 2025 के आठवें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की भिड़ंत होने जा रही है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम चेन्नई के खिलाफ उसके घर पर 17 साल पुराने सूखे को खत्म करने के इरादे से उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, मैच प्रीव्यू

चेन्नई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में जब चेन्नई सुपरकिंग्स से भिड़ेगा तो टीम की नजरें यहां जीत के 17 साल के इंतजार को खत्म करने के लिए अपने अनुभवी बल्लेबाजों पर टिकी होंगी। आरसीबी ने चेपक में सुपरकिंग्स को सिर्फ एक बार हराया है और वह भी 2008 में टूर्नामेंट के पहले सत्र में। आरसीबी की मौजूदा टीम में सिर्फ स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ही उस मैच का हिस्सा थे और अब वह दूसरी बार सुपरकिंग्स के किले को भेदना चाहेंगे।

आसान नहीं होगी आरसीबी का राह,

हालांकि आरसीबी की राह आसान नहीं होगी। हमेशा की तरह चेन्नई की टीम स्पिनरों की मददगार पिच पर अपने घरेलू मैचों में विरोधी टीमों को कड़ी टक्कर देने को तैयार होगी। टीम के पास अनुभवी रविंद्र जडेजा हैं जो लंबे समय से टीम का हिस्सा हैं जबकि पिछले साल खिलाड़ियों की नीलामी के जरिए उन्होंने अपने ‘पुराने खिलाड़ी’ रविचंद्रन अश्विन को टीम के साथ जोड़ा है। चेन्नई की टीम ने अफगानिस्तान के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद को भी टीम में शामिल किया है और इस तिकड़ी ने कुछ दिन पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था। मुंबई के खिलाफ तीनों ने मिलकर 11 ओवर फेंके और 70 रन देकर पांच विकेट लिए।

विराट कोहली के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं स्पिनर्स

इस मैच में भी चेन्नई की पारंपरिक पिच देखने को मिलेगी और कोहली की अगुआई में आरसीबी के बल्लेबाजों को अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण को मात देने के लिए अपने खेल को बेहतर करना होगा। आरसीबी के बल्लेबाजी क्रम को सुपरकिंग्स के तीन आयामी स्पिन आक्रमण के खिलाफ पूरी तरह से आक्रामक होने की जगह अधिक चतुर होना होगा और कोहली को उनका नेतृत्व करना होगा। स्पिन का सामना करना हमेशा से कोहली की बल्लेबाजी का मजबूत पक्ष नहीं रहा है लेकिन पिछले दो वर्षों में उन्होंने इस विभाग में काफी सुधार दिखाया है। इस बदलाव का मुख्य कारण स्पिनरों के खिलाफ अधिक स्वीप और स्लॉग स्वीप खेलने की उनकी इच्छा है और कोहली को शुक्रवार शाम को होने वाले मैच में अपनी सारी विशेषज्ञता दिखानी होगी। कोहली को साथ ही फिल सॉल्ट, कप्तान रजत पाटीदार, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा जैसे बल्लेबाजों से समर्थन की जरूर होगी।

जैकब बेथेल को मिल सकती है एकादश में जगह

चेपक की पिच को देखते हुए आरसीबी संभवतः टिम डेविड की जगह जैकब बेथेल को एकादश में शामिल कर सकता है जो बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं। टीम की नजरें तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की फिटनेस पर भी होगी जो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले मैच में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे और अगर यह अनुभवी तेज गेंदबाज फिट होता है तो उन्हें रसिख सलाम की जगह एकादश में शामिल किया जाएगा।

चेन्नई सुपर किंग्स के मिडिल ऑर्डर पर रहेगी निगाहें

दूसरी ओर सुपरकिंग्स को अपने मध्यक्रम के फिर से लय में आने की उम्मीद होगी क्योंकि शिवम दुबे, दीपक हुड्डा और सैम कुरेन पिछले मैच में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। उन्हें रचिन रवींद्र और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का अधिक सहयोग करना होगा और साथ ही महेंद्र सिंह धोनी से एक और प्रभावी पारी की उम्मीद होगी। चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम शीर्ष तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की फिटनेस पर भी नजर रखेगी जो मुंबई के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे। अगर श्रीलंकाई खिलाड़ी समय पर फिटनेस हासिल कर लेता है तो नाथन एलिस की जगह उन्हें मौका मिल सकता है।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

चेन्नई सुपर किंग्स:

रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), महेंद्र धोनी, रविंद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, रचिन रविंद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, सैम कुरेन, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, दीपक हुड्डा, गुरजनप्रीत सिंह, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, वंश बेदी और आंद्रे सिद्दार्थ।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू:

रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, यश दयाल, जोश हेजलवुड, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख सलाम, सुयश शर्मा, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वस्तिक चिकारा, लुंगी एनगिडी, अभिनंदन सिंह और मोहित राठी।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article