एजुकेशन

CBSE Board Exam Preparation Tips: 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शानदार अंक हासिल करने के लिए अपनाएं ये दस टिप्स

CBSE Board Exam Preparation Tips: सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी होने का साथ छात्रों की तैयारी तेज हो गई है। ऐसे में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए आइए आपको 10 ऐसी टिप्स बताएं जो आपकी तैयारी और मजबूज बनाएगी।

Image

CBSE Exam Preparation Tips (Photo - AI/Newsroom Verified)

CBSE Board Exam Preparation Tips: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का दौर नजदीक आते ही छात्रों और अभिभावकों की धड़कनें तेज होने लगी है। यह स्वभाविक भी है। बोर्ड परीक्षाओं को अक्सर छात्रों के शैक्षणिक जीवन का एक बड़ा और बहुत अहम पड़ाव माना जाता है, जिसमें अच्छे अंक हासिल करना उनके भविष्य में करियर की दिशा तय करता है। हालांकि, सही रणनीति, समय प्रबंधन (Time Management) और सकारात्मक सोच के साथ की गई तैयारी परीक्षा के डर को पूरी तरह खत्म कर सकती है। यदि आप भी आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर टॉपर बनने का सपना देख रहे हैं, तो केवल घंटों पढ़ाई करना ही काफी नहीं है, बल्कि स्मार्ट स्टडी (Smart Study) करना बेहद जरूरी है। आइए आज आपको बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ ऐसे टिप्स दें जो न केवल आपकी तैयारी बेहतर करेगी, बल्कि अच्छें अंक प्राप्त करने में भी आपके लिए लाभकारी होगी।

परीक्षा के सिलेबस और मार्किंग स्कीम को अच्छी तरह समझें

परीक्षा की तैयारी शुरू करने का सबसे पहला और महत्वपूर्ण कदम है—सिलेबस और अंक विभाजन यानी Marking Scheme की पूरी जानकारी होना। इसलिए छात्रों को सलाह है कि वह एनसीईआरटी (NCERT) की किताबों को अपना मुख्य आधार बनाएं क्योंकि सीबीएसई परीक्षा के अधिकांश प्रश्न यहीं से पूछे जाते हैं। प्रत्येक यूनिट या चैप्टर से कितने अंकों के सवाल आते हैं, इसका विश्लेषण करें ताकि आप उन अध्यायों को अधिक समय दे सकें जिनका वेटेज (Weightage) परीक्षा में ज्यादा है। इसके साथ ही बीते सालों के प्रश्न पत्रों को चेक करें ताकि आपको मार्किंग स्कीम के बारे में बेहतर समझ आए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - 'Pardon My French' इंग्लिश फ्रेज का क्या है अर्थ?

एक व्यावहारिक और संतुलित टाइम टेबल बनाएं

बिना योजना के की गई पढ़ाई अक्सर तनाव का कारण बनती है। इसलिए एक ऐसा स्टडी रूटीन तैयार करें जो व्यावहारिक हो। हर विषय को उसकी कठिनाई और अपनी क्षमता के अनुसार समय दें। पढ़ाई के लंबे सत्रों के बीच छोटे-छोटे ब्रेक (Short Breaks) अवश्य रखें, ताकि मस्तिष्क तरोताजा बना रहे। कठिन विषयों को उस समय पढ़ें जब आपका दिमाग सबसे ज्यादा सक्रिय और ऊर्जावान महसूस करे।

'कांसेप्ट क्लैरिटी' पर दें जोर, रटने की आदत छोड़ें

आज के समय में सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं का पैटर्न केवल रटी हुई बातों को लिखने पर आधारित नहीं रह गया है, बल्कि यह आपकी वैचारिक स्पष्टता को परखता है। विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों में फॉर्मूला या उत्तर के पीछे के लॉजिक को समझें। जब आपके कांसेप्ट स्पष्ट होंगे, तो परीक्षा में घुमाकर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देने में भी आसानी होगी।

नोट्स बनाने की आदत डालें

पढ़ाई करते समय अपने खुद के संक्षिप्त नोट्स तैयार करना सफलता की एक बड़ी कुंजी है। महत्वपूर्ण परिभाषाएं, मुख्य बिंदु, फॉर्मूले और तारीखों को एक अलग नोटबुक में लिखकर रखें। ये खुद से लिखे हुए नोट्स परीक्षा से ठीक पहले अंतिम दिनों में आपका कीमती समय बचाते हैं और तेजी से रिवीजन करने में मदद करते हैं।

पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र और सैंपल पेपर हल करें

परीक्षा के माहौल से खुद को सहज बनाने और समय का सही प्रबंधन सीखने के लिए पिछले 5 साल के प्रश्नपत्रों को जरूर हल करें। इससे आपको यह अंदाजा लग जाता है कि परीक्षा में किस प्रकार के प्रश्न पूछे जाते हैं और किस सेक्शन में कितना समय देना चाहिए। सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक सैंपल पेपर को टाइमर लगाकर हल करने का अभ्यास करें। यह आपकी टाइम मैनेजमेंट स्किल्स को भी बेहतर करेगा और आप समय से सभी प्रश्नों के उत्तर दे पाएंगे।

निरंतर रिवीजन को अपनी आदत बनाएं

नया पढ़ने से ज्यादा जरूरी है कि आपने जो पहले पढ़ा है, उसे समय पर दोहराएं। हफ्ते में कम से कम एक दिन (जैसे रविवार) केवल पिछले पूरे सप्ताह पढ़े गए विषयों के रिवीजन के लिए आरक्षित रखें। समय पर रिवीजन करने से चीजें लंबे समय तक याद रहती हैं और परीक्षा भवन में भूलने का डर कम हो जाता है।

अपनी लिखावट और उत्तर लिखने के तरीके पर काम करें

आप कितना भी अच्छा क्यों न जानते हों, अगर एग्जामिनर आपकी कॉपी को देखकर आसानी से समझ नहीं पा रहा है, तो अंक कट सकते हैं। अपनी लिखावट को साफ और सुथरा रखें। उत्तरों को पैराग्राफ की बजाय बुलेट पॉइंट्स में लिखने का प्रयास करें और मुख्य शब्दों को अंडरलाइन करें।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - "How do you stay organized" इंटरव्यू सवाल का जवाब कैसे दें?

डिजिटल डिस्ट्रैक्शन से बनाएं दूरी

पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम रील्स और व्हाट्सएप नोटिफिकेशन सबसे बड़े दुश्मन साबित होते हैं। पढ़ाई के समय अपने स्मार्टफोन को साइलेंट मोड पर या दूसरे कमरे में रखें। 'Pomodoro Technique' का इस्तेमाल करें, जिसमें 25 मिनट पढ़ाई और 5 मिनट का डिजिटल ब्रेक लिया जाता है।

शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक शांति का रखें पूरा ध्यान

"स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है"। परीक्षा के तनाव से बचने के लिए रोजाना कम से कम 7 से 8 घंटे की गहरी नींद अवश्य लें। हल्का व्यायाम, योग या कुछ देर खुला टहलना आपके मानसिक तनाव को कम करता है और एकाग्रता बढ़ाता है।

सकारात्मक रहें और आत्मविश्वास बनाए रखें

परीक्षा केवल आपके ज्ञान की परीक्षा है, आपके पूरे भविष्य का फैसला नहीं। खुद की तुलना दूसरों से करना बंद करें। अपनी प्रगति का आकलन खुद से करें। परीक्षा हॉल में जाने से पहले पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे रहें और ईश्वर पर भरोसा रखें। आपकी मेहनत का सकारात्मक परिणाम आपको जरूर मिलेगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article