PM Modi Meets LK Advani: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के घर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। आडवाणी आज 99 वर्ष के हो गए हैं और अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने आडवाणी के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की, उनका आशीर्वाद लिया और दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।
99 साल के हो गए देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री
देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री आडवाणी का जन्म 8 नवंबर, 1927 को हुआ था। वह भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने देश की राजनीति में नई पहचान बनाई। राम मंदिर आंदोलन से लेकर पार्टी के संगठन को मजबूत करने तक, आडवाणी का योगदान इतिहास में दर्ज है।
भाजपा मुख्यालय में हुआ विशेष कार्यक्रम
बता दें कि आज भाजपा मुख्यालय में भी आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम हुआ। दीपावली के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आडवाणी के प्रेरणादायक जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, संगठन में उनके योगदान और सार्वजनिक जीवन की लंबी यात्रा को सम्मान देना था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'नक्सलवाद अब बन चुका है इतिहास' बस्तर में दिवाली मनाकर बोले PM मोदी
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से भी की मुलाकात
इससे पहले दिवाली के मौके पर पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की और उन्हें दिवाली की बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया, "राष्ट्रपति जी से भेंट की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।"
पूर्व राष्ट्रपति से भी मिलने पहुंचे पीएम मोदी
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार से भी मिले और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
