Delhi Fire News: राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में रविवार शाम एक गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत की ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथी मंजिल तक इसकी लपटें पहुंच गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल आग पर काबू पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की घटना नजफगढ़ रोड के पास नांगली सकरावती इलाके में हुई। रविवार शाम करीब 4:22 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकल की 25 गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग इमारत की ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई और देखते ही देखते चौथी मंजिल तक फैल गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया।
आग लगने की वजह का पता नहीं
दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के बाद इमारत में कूलिंग ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को रोका जा सके। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अधिकारियों की ओर से इसकी जांच की जा रही है।
