क्रिकेट

एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप की भारतीय टीम में हुआ बदलाव, रिंकू सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बीसीसीआई ने एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप की टीम में बदलाव करते हुए रजत पाटीदार की जगह आयुष बडोनी को शामिल करने का ऐलान किया है। वहीं रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।

Image

आयुष बडोनी (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: आयुष बडोनी ने एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए रविवार को भारत ए टीम में चोटिल मध्यक्रम के बल्लेबाज रजत पाटीदार की जगह ली जो चोटों से पूरी तरह उबरने में नाकाम रहे हैं। रिंकू सिंह को आठ टीम के इस टूर्नामेंट के लिए उपकप्तान नियुक्त किया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, 'रजत पाटीदार ने बीसीसीआई को सूचित किया है कि चोटों से उबरने की प्रक्रिया से गुजरने के कारण उन्हें 50 ओवर के प्रारूप में चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना जाए।'

रजत पाटीदार की जगह आयुष बडोनी को मिला मौका

बयान के अनुसार, 'इसके बाद उन्हें एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए टीम से हटा लिया गया है। पुरुष चयन समिति ने रिंकू सिंह को उपकप्तान नियुक्त किया है जबकि आयुष बडोनी को पाटीदार की जगह टीम में शामिल किया गया है।' यह टूर्नामेंट कतर के दोहा में 19 से 29 नवंबर तक खेला जाएगा। भारत ए, पाकिस्तान ए, संयुक्त अरब अमीरात ए और नेपाल ए को ग्रुप बी में रखा गया है जबकि ग्रुप ए में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग की टीम हैं।

नेपाल के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी टीम इंडिया

इंडिया ए की टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल ए के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 22 नवंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ए और 24 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात ए से भिड़ेगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 29 नवंबर को होगा।

राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए की संशोधित टीम:

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान और आयुष बडोनी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article