शनिवार रात दुबई के बुर्ज खलीफा ने एक खास दिवाली डिस्प्ले के साथ शहर के आसमान को रोशन कर दिया। इसमें अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में लोगों को दिवाली की बधाई दी गई। 828 मीटर ऊंचे इस मशहूर टावर पर एक संदेश दिखा, जिसमें लोगों के लिए खुशहाली, आनंद और समृद्धि की कामना की गई थी। अंत में 'हैप्पी दिवाली' लिखा हुआ आया।
बुर्ज खलीफा के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर इस जगमगाते टावर का वीडियो शेयर किया गया, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं आईं। जिसके कैप्शन में लिखा था-'रोशनी के इस त्योहार पर सभी को खुशहाली और समृद्धि की शुभकामनाएं।'
इस खास नजारे ने दुबई में रहने वाले अलग-अलग समुदायों के लिए, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी भी शामिल हैं, एक उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
UAE के नेताओं ने दी दिवाली की शुभकामनाएं
UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने UAE और दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
रविवार को 'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में शेख मोहम्मद ने कहा: 'UAE और दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह त्योहार और आने वाला साल आपके और आपके परिवारों के लिए अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: दीपावली पर इजरायली दूतावास ने भारतीयों को अनोखे अंदाज में दी शुभकामनाएं
शनिवार को, UAE के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी 'X' पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा- 'UAE और दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। रोशनी का यह त्योहार आपके जीवन में शांति, उम्मीद और अच्छाई लाए। आपके आने वाले दिन सुरक्षित, खुशहाल और समृद्ध हों। हैप्पी दिवाली!'
ये शुभकामनाएं ऐसे समय में आई हैं जब UAE में रहने वाला बड़ा भारतीय समुदाय और दक्षिण एशिया के अन्य निवासी दिवाली का त्योहार मना रहे हैं।
