क्रिकेट

इन टीमों के बीच भिड़ंत के साथ होगा IPL 2025 का आगाज, जानिए कब और कहां?

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के आगाज की तारीख में मामूली बदलाव किया गया है। सीजन का आगाज 22 मार्च, 2025 को इन दो टीमों के बीच भिड़ंत के साथ इडेन गार्डन्स के मैदान पर होगा। जानिए कहां खेला जाएगा फाइनल मुकाबला?

Image

आईपीएल 2025

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन का आगाज शनिवार 22 मार्च, 2025 को होना जा रहा है। किकबज की रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल 2025 के उद्घाटन मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोंर के बीच इडेन गार्डन्स मैदान पर भिड़ंत होगी। ऐसा आईपीएल की परंपरा के मुताबिक ही हो रहा है जिसके मुताबिक सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन टीम के होम ग्राउंड पर खेला जाता है। ऐसे में पहले मुकाबले में इडेन गार्डन्स पर कोलकाता और बेंगलुरू की भिड़ंत होगी। आरसीबी की टीम रजत पाटीदार की कप्तानी में पहली बार खेलने उतरेगी। केकेआर ने अपने कप्तान के नाम का ऐलान अबतक नहीं किया है।

सनराइजर्स भी घरेलू मैदान पर खेलेगी अपना पहला मैच

रिपोर्ट के मुताबिक पिछले बार की उपविजेता सनराइजर्स हैदराबाद भी अपना पहला मैच घरेलू मैदान पर खेलेगी। 23 मार्च को उसकी राजस्थान रॉयल्स के साथ भिड़ंत हैदराबाद के राीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगी। ये मुकाबला दोपहर में खेला जाएगा।

25 मई को इडेन गार्डन्स पर खेला जाएगा फाइनल

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने आधिकारिक तौर पर आईपीएल 2025 के कार्यक्रम का ऐलान नहीं किया है। प्रशंसकों को इसका बेसब्री से इंतजार है। पिछले कुछ दिनों से आईपीएल के कार्यक्रम के जारी होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अनौपचारिक रूप से बीसीसीआई टीमों के साथ अहम मैचों की तारीख साझा कर दी हैं। रिपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक फाइनल का आयोजित एक बार परंपरा के मुताबिक डिफेंडिंग चैंपियन के शहर में आयोजित किया जाएगा। ऐसे में ईडन गार्डन रविवार, 25 मई, 2025 को फाइनल की मेजबानी करेगा।

पहले मैच की तारीख में हुआ है मामूली बदलाव

मुंबई में 12 जनवरी को आयोजित बीसीसीआई की विशेष आम बैठक (एसजीएम) के बाद बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आईपीएल 2025 का आगाज 23 मार्च को होने के संकेत दिए थे लेकिन अब पता चला है कि बीसीसीआई ने प्रसारणकर्ता के अनुरोध पर तारीखों में बदलाव किया है। सूत्रों के मुताबिक सीजन का आगाज रविवार 23 मार्च की जगह शनिवार 22 मार्च को करने का अनुरोध प्रसारकों ने किया था। बोर्ड ने उनकी मांग स्वीकार कर ली है। अगले एक या दो दिन में पूरा कार्यक्रम जारी किए जाने की उम्मीद है।

गुवाहाटी और धर्मशाला में भी खेले जाएंगे मैच

आईपीएल के दस नियमित वेन्यू अहमदाबाद, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, लखनऊ, मुल्लांपुर, दिल्ली, जयपुर, कोलकाता और हैदराबाद के अलावा आगामी सीजन के मैच गुवाहाटी और धर्मशाला में भी खेले जाएंगे। गुवाहाटी को राजस्थान रॉयल्स ने अपना दूसरा होम ग्राउंड चुना है। इस मैदान पर 26 और 30 मार्च को मुकाबले खेले जाएंगे। राजस्थान रॉयल्स की टीम यहां पर कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।वहीं पिछले साल की तरह इस बार भी धर्मशाला में पंजाब किंग्स के कुछ घरेलू खेले जाएंगे। हिमाचल शहर के इस खूबसूरत वेन्यू को तीन मैच मिल सकते हैं।

हैदराबाद और कोलकाता में खेले जाएंगे नॉकआउट राउंड के मैच

क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर मुकाबले हैदराबाद में आयोजित होंगे। वहीं क्वालीफायर-2 और खिताबी मुकाबला निश्चित रूप से कोलकाता के इडेन गार्डन्स में आयोजित होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article