रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और पंजाब किंग्स के बीच अब तक आईपीएल 2025 में तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं। दोनों टीमों के बीच पहला मैच बेंगलुरू में खेला गया था जिसमें बारिश के कारण 14-14 ओवर का मुकाबला हुआ था। उस मैच में बेंगलुरू की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 95 रन ही बनाने में सफल रही थी। इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 12.1 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला पंजाब के होम ग्राउंड न्यू चंडीगढ़ में खेला गया था। उस मैच में बेंगलुरू ने हिसाब चुकता कर लिया था। उस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट खोकर 157 रनों का स्कोर बनाया था। जवाब में बेंगलुरू ने 3 विकेट खोकर 159 रनों का स्कोर 18.5 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर बना लिया था। फिर इन दोनों टीमों के बीच एक बार फिर मुकाबला प्लेऑफ के पहले क्वालीफायर में हुआ क्योंकि ये दोनों टीमें अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर थीं। पहले क्वालीफायर मैच में पंजाब किंग्स पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 101 रन पर ऑल-आउट हो गई थी। इसके जवाब में आरसीबी ने सिर्फ 2 विकेट गंवाते हुए कुल 10 ओवर में बड़ी जीत दर्ज करके फाइनल में एंट्री हासिल कर ली थी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम पंजाब किंग्स के बीच आज के आईपीएल फाइनल की पिच रिपोर्ट (RCB vs PBKS IPL Final Pitch Report)
आज बेंगलुरू और पंजाब की टीमों के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें संस्करण का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला जाएगा। दुनिया के इस सबसे बड़े क्रिकेट मैदान की पिच ज्यादातर बल्लेबाजों को फायदा पहुंचाती आई है। हालांकि यहां पर स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों ने भी कई मौकों पर अहम भूमिका निभाई है। लेकिन ये साफ है कि इस पिच पर बल्लेबाज रनों का अंबार लगा सकते हैं। अब तक आईपीएल 2025 में अहमदाबाद के मैदान पर 8 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें से सिर्फ दो ही पारियां ऐसी थीं जिसमें गेंदबाजों ने विरोधी टीम को ऑल-आउट करने में सफलता हासिल की। वहीं, इन आठ मैचों में सर्वाधिक स्कोर 243 रन रहा है जो पंजाब किंग्स ने मेजबान गुजरात टाइटंस के खिलाफ बनाया था, ये इस मैदान पर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है और आज वही पंजाब की टीम यहां फाइनल खेलने वाली है। आपको बता दें कि पंजाब किंग्स ने अहमदाबाद में इस साल दो मैच खेले हैं और दोनों मैचों में 200 से ऊपर का स्कोर बनाते हुए जीत दर्ज की है। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने इस बार यहां एक भी मुकाबला नहीं खेला है। ऐसे में पंजाब किंग्स के पास फाइनल मैच में ये अनुभव काम आ सकता है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज तक 43 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 21 मैच जीते हैं जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 22 मैचों में जीत हासिल हुई है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए पिछले 5 आईपीएल मैचों के नतीजे और स्कोरकार्ड (Last 5 IPL Match Results And Scorecards At Narendra Modi Stadium In Ahmedabad)
| तारीख | दोनों टीमें | मैच का स्कोरकार्ड | मुकाबले का नतीजा |
| 19 अप्रैल 2025 | गुजरात बनाम दिल्ली | दिल्ली- 203/8, गुजरात- 204/3 | गुजरात 7 विकेट से जीता |
| 2 मई 2025 | गुजरात बनाम हैदराबाद | गुजरात- 224/6, हैदराबाद- 186/6 | गुजरात 38 रन से जीता |
| 22 मई 2025 | लखनऊ बनाम गुजरात | लखनऊ- 235/2, गुजरात- 202/9 | लखनऊ 33 रन से जीता |
| 25 मई 2025 | चेन्नई बनाम गुजरात | चेन्नई- 230/5, गुजरात- 147 ऑल-आउट | चेन्नई 83 रन से जीता |
| 1 जून 2025 | मुंबई बनाम पंजाब (एलिमिनेटर) | मुंबई- 203/6, पंजाब- 207/5 (19 ओवर) | पंजाब 5 विकेट से जीता |
आईपीएल 2025 फाइनल में बेंगलुरू और पंजाब के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In Bengaluru vs Punjab IPL 2025 Final Match)
आईपीएल 2025 फाइनल मैच में बेंगलुरू और पंजाब के बीच आज रोमांचक टक्कर होने वाली है जिसमें कई दिग्गज खिलाड़ियों पर सबकी नजरें रहेंगी। सबसे पहले आईपीएल 2025 फाइनल में पहुंचने वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की तरफ से विराट कोहली (Virat Kohli), फिल सॉल्ट (Phil Salt), कप्तान रजत पाटीदार, जितेश शर्मा (Jitesh Sharma), भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar), जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood), टिम डेविड (Tim David) और रोमारियो शेपर्ड (Romario Shepherd) पर नजरें रहेंगी। वहीं, मुंबई को हराकर फाइनल में आने वाले पंजाब के लिए उसके कप्तान श्रेयस अय्यर से सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी जिनकी मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार कप्तानी पारी के दम पर ही पंजाब किंग्स फाइनल में पहुंची है। उनके अलावा प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh), प्रियांश आर्य (Priyansh Arya), अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh), शशांक सिंह (Shashank Singh), नेहल वढेरा (Nehal Wadhera) और काइल जेमीसन (Kyle Jamieson) से सबसे ज्यादा उम्मीदें रहेंगी। वहीं दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर भी अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिसमें सबसे अहम होंगे बेंगलुरू के इम्पैक्ट प्लेयर जो सुयश शर्मा (Suyash Sharma) या मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) हो सकते हैं।
बेंगलुरू और पंजाब की आईपीएल 2025 टीमें (Royal Challengers Bengaluru and Punjab Kings IPL 2025 Full Squads)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की आईपीएल टीमः रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, विराट कोहली, यश दयाल, जोश हेजलवुड, टिम सीफर्ट, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख डार, सुयश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, स्वास्तिक चिकारा, अभिनंदन सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, मनोज भंडागे, देवदत्त पडिक्कल, नुवान तुषारा, मोहित राठी और स्वप्निल सिंह।
पंजाब किंग्स की आईपीएल टीमः श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, प्रभसिमरन सिंह, हरप्रीत बरार, विजयकुमार विशक, कुलदीप सेन, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, पायला अविनाश, प्रवीण दुबे, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर पन्नू, यश ठाकुर, जोश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह।
अहमदाबाद में पंजाब और बेंगलुरू के बीच अब तक खेले गए मैच (RCB vs PBKS Matches Played At Ahmedabad)
| तारीख | टीमें | स्कोरकार्ड | मैच का नतीजा |
| 30-4-2021 | RCB vs PBKS | पंजाब- 179/5, RCB- 145/8 | पंजाब 34 रन से जीता |
अहमदाबाद में आज कैसा रहेगा मौसम (Ahmedabad Weather Today)
आज होने वाला बेंगलुरू-पंजाब आईपीएल फाइनल मैच अहमदाबाद में होना है तो यहां के मौसम की बात भी कर लेते हैं, क्योंकि यहां एक दिन पहले हुए दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में बारिश के कारण मैच काफी देर से शुरू हुआ था। आज भी अहमदाबाद में आसमान में बादल छाए रहेंगे और फिलहाल 35 फीसदी बारिश की संभावना भी है। अहमदाबाद में आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा। दोनों ही टीमों व फैंस की नजरें आज आसमान पर जरूर रहने वाली हैं।
