क्रिकेट

IPL 2024: लौट आया पुराना पंत!चोट से उबरकर जड़ा पहला आतिशी अर्धशतक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 31, 2024, 09:42 PM IST

Rishabh Pant Comeback Fifty: ऋषभ पंत ने आईपीएल 2024 में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आतिशी अर्धशतक जड़कर अपनी वापसी का ऐलान कर दिया।

Image

ऋषभ पंत(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ऋषभ पंत ने जड़ा अर्धशतक
  • पंत ने 32 गेंद में खेली 51 रन की पारी
  • जड़ा आईपीएल 2024 में पहला अर्धशतक

विशाखापट्टन: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के 15 महीने बाद मैदान पर वापसी करने वाले टीम इंडिया के आतिशी बल्लेबाज ऋषभ पंत का बल्ला रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ विशाखापट्टनम में चल निकला। प्रशंसकों को सीएसके के खिलाफ विजाग में पुराना पंत नजर आया। पंत ने चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 31 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि पर बड़ी पारी नहीं खेल पाए लेकिन उन्होंने धमाकेदार अंदाज में अपनी वापसी का ऐलान कर दिया।

वो 32 गेंद में 51 रन बनाकर पथिराना का शिकार बने।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए मचाया धमाल

दिल्ली को पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने शानदार शुरुआत दी। 93 रन पर वॉर्नर के आउट होने के बाद पंत ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनके मैदान पर उतरने के बाद जल्दी जल्दी दो विकेट और गिर गए। 15 ओवर में दिल्ली की टीम 134 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी ऐसे में कप्तान पंत ने मोर्चा संभाला और चौकों छक्कों की झड़ी लगाते हुए अर्धशतक जड़ दिया। पंत के आतिशी अर्धशतक की बदौलत ही दिल्ली चेन्नई के खिलाफ 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल हुई।

पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे बड़ा पारी

इस मुकाबले से पहले पंत ने दो मैच में 18 और 28 रन की पारी खेली थी। सीजन के पहले मुकाबले में पंजाब के खिलाफ पंत ने 13 गेंद में 18 और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 26 गेंद में 28 रन की पारी खेली थी। दोनों ही मैच में अच्छी शुरुआत को पंत बड़ी पारियों में तब्दील नहीं कर सके थे लेकिन इस बार उन्होंने हाथ आए मौके को खाली नहीं जाने दिया। पंत आईपीएल 2024 में 3 मैच की तीन पारियों में उनके नाम 32.33 के औसत और 136.61 के स्ट्राइकरेट से 97 रन दर्ज हो गए हैं। सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर्स में वो नौवें पायदान पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए पंत से ज्यादा रन अबतक केवल डेविड वॉर्नर(130) ने बनाए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article