क्रिकेट

IPL 2024: इडेन गार्डन्स में फिर चमके फिल साल्ट, आतिशी पारी खेलकर खराब किया लखनऊ के नवाबों का स्वाद

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 14, 2024, 07:23 PM IST

फिल साल्ट ने रविवार को इडेन गार्डन्स में धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेलकर कोलकाता नाइट राइडर्स को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 8 विकेट से जीत दिलाई।

Image

फिल साल्ट(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • लखनऊ के खिलाफ फिल साल्ट ने खेली 47 गेंद में 89* रन की पारी
  • इडेन गार्डन्स में जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक
  • केकेआर के लिए बने सीजन के सबसे सफल बल्लेबाज

कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे इंग्लिश बल्लेबाज फिल साल्ट ने इडेन गार्डन्स में बल्ले से धमाल मचाते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ दिया। रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में साल्ट ने 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 26 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के जड़े। साल्ट इस बार अर्धशतक जड़कर पवेलियन जल्दी नहीं लौटे। उन्होंने 47 गेंद में नाबाद 89 रन की पारी खेली और टीम को 8 विकेट से जीत दिलाकर लखनऊ के नवाबों का स्वाद खराब कर दिया।

इडेन गार्डन्स में जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक

साल्ट का इडेन गार्डन्स के मैदान पर लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले साल्ट ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इसी मैदान पर 40 गेंद पर 54 रन की पारी खेली थी। ये उनका पहला अर्धशतक था। उसके बाद घर के बाहर खेले गए तीन मुकाबले में साल्ट 30, 18, 0 रन बना सके थे लेकिन इडेन गार्डन्स में लौटते ही उनका बल्ला फिर से चल निकला और दूसरा अर्धशतक जड़ दिया।

47 गेंद में 89 रन बनाकर रहे नाबाद

साल्ट अंत में 47 गेंद में 89 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने पारी में 14 चौके और 3 छक्के जड़े। पारी के दौरान साल्ट का स्ट्राइक रेट 189.36 का रहा। उनकी पारी की बदौलत 162 रन के लक्ष्य को 15.4 ओवर में केकेआर ने साल्ट की आतिशी पारी की बदौलत हासिल कर लिया।

ऐसा रहा सीजन में साल्ट का प्रदर्शन

साल्ट मौजूदा सीजन में केकेआर के सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 5 मैच की 5 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 47.75 के औसत और 159.16 के स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए हैं। जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। इस पारी में बनाए नाबाद 89 रन उनका सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। साल्ट को दिसंबर में हुई नीलामी में खरीदार नहीं मिला था। लेकिन सीजन के आगाज से पहले जेसन रॉय की जगह टीम में शामिल किया गया था।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article