क्रिकेट

IPL 2024 Teams Analysis: आईपीएल 2024 में किन खिलाड़ियों पर नजर, किस टीम का कैसा है हाल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Mar 21, 2024, 01:29 PM IST

IPL 2024 All Teams Analysis and Star Players To Watch Out For: आईपीएल 2024 का आगाज होने जा रहा है, सभी की नजरें 10 टीमों की इस सबसे बड़ी टी20 टक्कर पर टिक जाएंगी और अगले दो महीने तक ये भिड़ंत जारी रहेगी। किस टीम में कितना दम है और किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें। आइए जानते हैं।

Image

आईपीएल 2024 की सभी टीमों का आकलन (BCCI/IPL)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 के आगाज की बारी
  • 10 टीमों के बीच टी20 की सबसे बड़ी टक्कर
  • तमाम धुरंधर खिलाड़ियों की भिड़ंत

IPL 2024 Team Analysis: महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर कभी खत्म नहीं होने वाली अटकलें, 16 साल से खिताब नहीं जीत पाने की विराट कोहली की कसक, जिंदगी से दूसरा मौका पाकर मैदान पर उतर रहे ऋषभ पंत और कप्तानी छिनने का रोहित शर्मा का दर्द । ये सारी कहानियां शुक्रवार से शुरू हो रहे ताबड़तोड़ क्रिकेट के महासमर को और रोचक बनाने के लिये काफी होंगी।

एम एस धोनी और ऋषभ पंत

धोनी 42 बरस की उम्र में भी आईपीएल के सदाबहार कप्तान हैं और उनसे जब पूछा जायेगा कि क्या यह उनका आखिरी टूर्नामेंट है तो शायद एक बार फिर वह मुस्कुराकर रह जायेंगे । उनके वारिस माने जाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज पंत भयावह कार दुर्घटना में जीवनदान पाकर मैदान पर लौट रहे हैं और दुनिया को दिखाना चाहेंगे कि उनकी बाजुओं में अभी भी वही दम है ।

रोहित शर्मा (Rohit Sharma, Mumbai Indians)

अपने बिंदास मुंबइया अंदाज के पीछे दर्द छिपाने वाले रोहित वानखेड़े स्टेडियम पर उतरेंगे लेकिन इस बार कप्तान नहीं होंगे । दर्शकों के चहेते रोहित अपने बल्ले से सारे मलाल निकालने को आतुर होंगे ।

विराट कोहली (Virat Kohli, RCB)

‘किंग कोहली’ की नजरें खिताब पर होंगी जिसके लिये वह 16 साल से इंतजार कर रहे हैं । एक ही टीम के लिये शुरू से खेल रहे आईपीएल के इकलौते खिलाड़ी कोहली का जुनून उनकी टीम के लिये टॉनिक का काम करेगा ।रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की महिला टीम ने हाल ही में महिला प्रीमियर लीग खिताब जीता है ।

टी20 वर्ल्ड कप पर भी नजरें

कम से कम 10 से 12 खिलाड़ी चयनकर्ताओं के सामने अपनी उपयोगिता साबित करने को बेताब होंगे ताकि अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप का टिकट कटा सकें। पूरी दुनिया को क्रिकेट के रंग में रंगने वाले इस सालाना जलसे में कुछ खिलाड़ी वापसी करेंगे तो कुछ नये सितारे उभरेंगे , कुछ फर्श से अर्श तक की कहानियां निकलेंगे तो कई सितारे जमींदोज भी हो सकते हैं । एक ओवर में इस खेल में तकदीरें बदल जाया करती हैं ।

हर मैच के बाद खिलाड़ियों को सोशल मीडिया की बेरहमी भी झेलनी होगी । पैट कमिंस (सनराइजर्स हैदराबाद) और मिचेल स्टार्क (कोलकाता नाइट राइडर्स) जैसे महंगे बिके खिलाड़ियों पर अपेक्षााओं पर खरे उतरने का भारी दबाव होगा ।

चेन्नई सुपर किंग्स से फिर उम्मीदें

एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स छठे खिताब के प्रबल दावेदारों में होगी । उनके चहेते ‘थाला’ को विषम परिस्थितियों से निकलकर जीत हासिल करने का शऊर बखूबी आता है । रचिन रविंद्र को धोनी की कप्तानी में अपने हुनर को निखारने का मौका मिलेगा । तेज गेंदबाजी का दारोमदार दीपक चाहर पर होगा । टीम में रूतुराज गायकवाड़, मोईन अली और रविंद्र जडेजा जैसे धुरंधर भी है ।

नए कप्तान के साथ मुंबई इंडियंस

वहीं 2020 तक पांच खिताब और पिछले तीन साल से ट्रॉफी नहीं जीत पाने ने मुंबई इंडियंस को कप्तान बदलने के लिये मजबूर किया । हार्दिक पंड्या के सामने सिर्फ खिताब जीतने ही नहीं बल्कि ड्रेसिंग रूम में सभी के दिल जीतने की भी जिम्मेदारी होगी । अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो आधी जंग जीत जायेंगे क्योंकि मुंबई के पास इतनी बेहतरीन बल्लेबाजी है कि गेंदबाजी की कमियां भारी नहीं पड़ेगी।

WPL चैंपियंस RCB के लिए प्रेरणा

आरसीबी के लिये सबसे बड़ी प्रेरणा महिला टीम की खिताबी जीत है । कोहली रन भले ही कम बनायें लेकिन खिताब हर हालत में जीतना चाहते हैं । धोनी और रोहित पांच बार खिताब जीत चुके हैं । केकेआर भी दो बार चैम्पियन रह चुकी है । कोहली अकेले खिताब नहीं जीत सकते । इसके लिये दिनेश कार्तिक, फाफ डु प्लेसी, ग्लेन मैक्सवेल को भी अच्छा खेलना होगा।

इनके ऊपर KKR की जिम्मेदारी

केकेआर खेमे में गौतम गंभीर की वापसी हुई है जिनका जीत का जुनून जगजाहिर है । उनके और कोहली के बीच हुई लड़ाई कौन भूल सकता है । केकेआर के जाने पहचाने डगआउट में उनकी मौजूदगी कमाल कर सकती है । केकेआर के पास श्रेयस अय्यर, नीतिश राणा, रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल जैसे धुरंधर है।

LSG, DC और GT

लखनऊ सुपर जाइंट्स के पास गंभीर के जाने के बाद जस्टिन लैंगर के रूप में नया कोच है और टीम प्लेआफ से आगे जाना चाहेगी । दिल्ली कैपिटल्स के लिये पंत की वापसी ट्रंपकार्ड साबित हो सकती है । गुजरात टाइटंस के पास इस बार हार्दिक पंड्या और मोहम्मद शमी नहीं है ।

राजस्थान रॉयल्स और SRH

राजस्थान रॉयल्स के पास यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल और जोस बटलर जैसे बल्लेबाज है । वहीं पैट कमिंस की सनराइजर्स हैदराबाद और शिखर धवन की पंजाब किंग्स भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगी ।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article